गांव आसन कलां में पंचायती भूमि की बोली को लेकर विवाद बढ़ गया है। ग्रामीणों ने गांव के पूर्व सरपंच पर अपने करीबियों को पंचायती जमीन बोली पर देने का आरोप लगाया है। पूरे मामले की जांच को लेकर ग्रामीणों ने सीटीएम को ज्ञापन सौंपा है।
सोमवार को गांव आसन कलां के ग्रामीण उपायुक्त डॉ.चद्रशेखर खरे को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे। उपायुक्त के मौजूद न होने पर ग्रामीणों ने सरपंच के खिलाफ सीटीएम सुभाष श्योराण को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि साल 2013 में पंचायती जमीन पर कोर्ट का सटे नहीं था।
गांव के तत्कालीन सरपंच ने कोर्ट की सटे का झूठा हवाला देते हुए पंचायती जमीन की बोली नहीं होने दी थी। 2015 में सरपंच ने अपने करीबियों को बोली पर जमीन दे दी। बोली पर जमीन देने के बाद सरपंच ने पट्टेदारों से जमीन की बोली के पैसे नहीं लिए।
दोबारा उन्हीं को बोली पर जमीन दे दी गई। गांव के तत्कालीन सरपंच ने पंचायती जमीन की बोली में काफी गड़बड़ झाला किया है। ग्रामीणों ने सीटीएम को ज्ञापन सौंप तत्कालीन सरपंच के खिलाफ जांच की मांग की है। इस मौके पर सुनील कुमार, प्रेम सिंह, अंकित, प्रमोद, राजसिंह, बलविंद्र, मुकेश शर्मा, बलबीर, मुकेश शर्मा, सुरेंद्र सिंह व सोनू मौजूद रहे।