संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। स्वास्थ्य विभाग का स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जिला नागरिक अस्पताल में लगाया गया मेगा शिविर सुबह साढ़े तीन घंटे में ही खत्म हो गया। उद्घाटन के कुछ देर बाद शिविर में पूरे चिकित्सक तक नहीं मिले। मरीज ओपीडी में पहुंचे तो इलाज तो दूर बैठने के लिए बैंच तक नहीं मिले। कुछ मरीज फर्श पर लेटने को मजबूर हो गए। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग ने जिले में 5835 मरीजों के पंजीकरण का दावा किया है। इसमें 2102 पुरुष और 3738 महिला शामिल हैं।
जिला नागरिक अस्पताल समेत जिले की सीएचसी और पीएचसी में शनिवार को जांच शिविर लगाया गया। जिला नागरिक अस्पताल में एनसी मेडिकल कॉलेज की टीम के साथ 13 स्टॉल लगाए गए। जब शिविर लगाना तय हुआ तो उस समय मुख्यातिथि सीएम नायब सिंह सैनी को बताया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने दो दिन पहले पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार और फिर शुक्रवार को उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया को बताया। जबकि मेगा शिविर में उपायुक्त तक नहीं पहुंचे। उनकी जगह मुख्यातिथि एचसीएस अंकिता रहीं। उन्होंने शिविर का शुभांरभ किया। सुबह करीब आठ बजे शुरू शिविर करीब 11:30 बजे तक ही चल पाया।
मरीजों को पहले शिविर में लाइन में खड़े होना पड़ा फिर ओपीडी के बाहर व चिकित्सक कक्ष के बाहर दवा लेने के लिए चक्कर काटने पड़े। आशा और संतोष ने बताया कि वे सुबह अस्पताल में जांच कराने आए थे। पहले यहां कई बीमारियों की जांच के दावे किए जा रहे थे। शिविर में लंबी लाइन के बाद ओपीडी में आए। यहां भी चिकित्सक नहीं मिले।
मेगा शिविर में हुए पंजीकरण-
बीमारी पुरुष महिला
बीपी 792 1484
शुगर 755 1415
कैंसर संबंधित 665 1385
खून की जांच 963 1862
टीबी 167 311
(वहीं 859 गर्भवतियों की जांच की गई)
मेगा शिविर में लगभग सभी प्रकार की जांच की गई इसमें 13 स्टॉल लगाए गए थे। मरीजों को कोई परेशानी नहीं होने दी गई।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ
जिला नागरिक अस्पताल में आयोजित शिविर में जानकारी देते चिकित्सक। संवाद
जिला नागरिक अस्पताल में आयोजित शिविर में जानकारी देते चिकित्सक। संवाद