माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बाल विवाह रोकने के लिए लगातार अभियान चला रहे गैर सरकारी संगठन एमडीडी ऑफ इंडिया ने लोगों को जागरूक किया है। इसके साथ ही जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकारण को पत्र लिखकर बाल विवाह पर रोक लगाए जाने के लिए सख्त निगरानी कराने की मांग की है।
कार्यकारी निदेशक सुरिंदर सिंह मान ने कहा कि भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में बाल विवाह के मामले सामने आ रहे हैं। देव उठनी एकादशी से शुरू हुए शादी सीजन में बाल विवाह होने की आशंका जताते हुए उन्होंने सख्त निगरानी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास किसी संभावित बाल विवाह की जानकारी है तो वह तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या स्थानीय थाने को सूचित करें। उन्होंने प्रशासन ने अपील की है कि सरपंचों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिए जाएं।