पानीपत। गुजरात की आईआईटी गांधीनगर में हरियाणा से गए विज्ञान व गणित के 100 शिक्षकों का प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हो गया। प्रशिक्षण के पहले दिन शिक्षकों ने विज्ञान व गणित को पढ़ाने के नए-नए तरीके सीखे। ये प्रशिक्षण एक जून तक चलेगा। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षकों की ओर से जिले के विज्ञान व गणित प्राध्यापकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के लिए जिला शिक्षा विभाग जल्द शेड्यूल जारी करेगा।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग राजकीय विद्यालयों में गणित व विज्ञान विषय में विद्यार्थियों को निपुण बनाने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए अब राजकीय विद्यालयों में पढ़ाने वाले विज्ञान और गणित के अध्यापकों को नए गुर सिखाए जाएंगे। इसके लिए राजकीय उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के गणित और विज्ञान विषय के शिक्षक ट्रेनर के रूप में नई तकनीकी को लेकर आईआईटी गांधीनगर गुजरात में प्रशिक्षण ले रहे हैं। ये शिक्षक जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप सिंह व जिला गणित विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र दत्त के निर्देशन में रविवार को एससीईआरटी गुरुग्राम के लिए रवाना हुए थे। वहीं, एससीईआरटी गुरुग्राम से प्रदेश के 100 शिक्षकों जिनमें 50 गणित तथा 50 विज्ञान के पीजीटी शिक्षक सोमवार शाम को गुजरात के गांधीनगर पहुंचे।
वर्जन-
विज्ञान और गणित विषय में विद्यार्थियों को निपुण बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने पहल शुरू की है। इसके लिए आईआईटी गांधीनगर, गुजरात में विज्ञान और गणित के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह शिक्षक प्रशिक्षण लेने के बाद यहां पर शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, ताकि नई तकनीकी को विद्यार्थियों को सिखाया जा सके। इससे विद्यार्थियों की रुचि इन दोनों विषयों में बढ़ेगी।
- डॉ. देवेंद्र दत्त, जिला गणित विशेषज्ञ, पानीपत।