पानीपत। चांदनी बाग थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक 13 साल की किशोरी को शादी की नीयत से बहला फुसलाकर ले गया। उसने किशोरी से शादी भी कर ली और किशोरी के भाई के पास अपने शादी के फोटो भी भेज दिए। आरोपी ने मैसेज भेज कहा कि जब उसकी पत्नी 18 साल की हो जाएगी वह तब उसे सबके सामने लेकर आएगा। उससे पहले वह किसी की पकड़ में नहीं आ सकता। चांदनी बाग थाना पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जुटी है।
चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने वह मूल रूप से बिहार के अररिया जिला का रहने वाला है। वह चांदनी बाग थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में कंपनी में बने क्वार्टर में रहता है। वह तीन बेटों व एक बेटी का पिता है। उसकी बेटी कक्षा छठीं की छात्रा है। 14 नवंबर को उसकी बेटी सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से गई थी लेकिन वह इसके बाद वापस नहीं आई। उसने उसकी गुमशुदगी की शिकायत पुलिस को दी थी। उसे जांच में पता चला कि गांव का ही कर्ण उसकी बेटी को लेकर गया है। कर्ण ने उसके बेटे के मोबाइल पर एक फोटो भी भेजा जिसमें वह उसकी बेटी से शादी करते दिख रहा है। उसने फोटो भेजने के बाद मैसेज छोड़ा। जिसमें उसने लिखा कि जब तक उसकी पत्नी 18 साल की नहीं होती वह तब तक सामने नहीं आएगा। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। अब उसकी बेटी का अता पता नहीं है।