फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सवा एकड़ पंचायती जमीन पर लगाया सर छोटूराम का बोर्ड, सरपंच पक्ष ने विरोध में उतरकर लगाया जाम

Mon, 01 Feb 2016 12:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
मतलौडा के मुख्य बाजार स्थित ईदगाह के समीप पंचायत की सवा एकड़ जमीन पर सर छोटूराम भवन के नाम का बोर्ड लगाने को लेकर नवनिर्वाचित सरपंच व सरपंच का चुनाव हारे राजबीर देशवाल के समर्थक आपस में भिड़ गए।
विज्ञापन


इस दौरान हुई मारपीट में सरपंच पक्ष के करीब 15 लोग घायल हो गए। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने पानीपत-सफीदों मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाकर परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार का पुतला जलाया।

एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। घटना को लेकर गांव में देर रात तनातनी बनी रही।

सरपंच पक्ष ने दूसरे लोगों पर हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिसबल मौके पर तैनात कर दिया है। पुलिस व पंचायत विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन


रविवार सुबह मतलौडा में मुख्य बाजार में ईदगाह के पास गांव की सवा एकड़ जमीन को लेकर नव निर्वाचित सरपंच अशोक देशवाल और चुनाव हारे राजबीर देशवाल पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए।

कुछ देर बाद सरपंच पक्ष के लोगों ने उक्त जगह से कब्जे को अवैध बताते हुए इसे हटाने का प्रयास किया। जिसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध कर दिया।

इस पर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। एक पक्ष के लोगों ने सरपंच पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर दी। जिसमें करीब 15 लोगों को चोट लग गई। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी बली सिंह, बीडीपीओ अशोक छिक्कारा व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाते हुए उचित कार्रवाई करने की बात कही।

एसडीएम का फोन सुनने के बाद भड़के ग्रामीण
सरपंच अशोक देशवाल व उनके समर्थक थाने में पहुंच गए। उन्होंने यहां पर सवा एकड़ जमीन के  मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।

एसडीएम पानीपत सुभाष श्योराण ने उनको फोन पर उचित कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन दोपहर बाद एसडीएम ने सोमवार को मिल बैठकर मामला सुलझाने की बात कही।

इस पर सरपंच के समर्थक भड़क गए और पुलिस थाने से सीधे पानीपत-सफीदों रोड पर आकर जाम लगा दिया। प्रशासनिक व पुलिस टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे।

उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने प्रशासन की एक नहीं सुनीं। पुलिस ने दोनों तरफ लगे जाम को देखते हुए वाहनों को डायवर्ट किया। एसडीएम सुभाष श्योरण मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीण करीब सवा घंटे के बाद सड़क से हटे।

परिवहन मंत्री का फूंका पुतला
सरपंच अशोक देशवाल ने परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार पर मामले को तूल देने का आरोप लगाया और उनके समर्थकों ने पानीपत-सफीदों मार्ग पर मंत्री पंवार का पुतला फूंका।

उन्होंने कहा कि उक्त लोगों ने परिवहन मंत्री के इशारे पर पंचायती जमीन पर सर छोटूराम भवन के नाम का बोर्ड लगाया है। यह सब गलत है। पंचायती जमीन पर कुछ भी निर्माण से पहले प्रस्ताव पास होकर खंड विकास एवं पंचायत विभाग की मंजूरी मिलना जरूरी है।

इसके बिना कुछ भी निर्माण करना अवैध माना जाता है। सरपंच ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उनको जान से मारने की धमकी तक दी। पुलिस व प्रशासन कार्रवाई करने की बजाय उक्त लोगों के दबाव में है।

गांव में बढ़ा तनाव, पुलिस बल किया तैनात
जमीन के कब्जे को लेकर गांव दो पक्षों में बटा हुआ है। दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। जिसके चलते गांव में तलाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन व पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात कर दिया।

मतलौडा में डेेढ़ एकड़ पंचायती जमीन पर बोर्ड लगाने व कुछ लोगों द्वारा विरोध करने की जानकारी मिली है। वे मामले की जांच करेंगे और दोनों पक्षों को समझाया जाएगा। मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
अशोक छिक्कारा, बीडीपीओ, मतलौडा।

मतलौडा में कुछ लोगों ने पानीपत-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया था। वे सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे और जाम खुलवा दिया है। उक्त लोग पंचायती जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगा रहे थे। जाम लगाना गलत है और उक्त लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई जाएगी। पुलिस ने फिलहाल मौके पर बल तैनात कर दिया है।
विज्ञापन

राजेंद्र सिंह, एसएचओ, थाना मतलौडा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें