इस बार धान के सीजन में आढ़तियों को मार्केट कमेटी बोर्ड कार्यालय की मार्केट फीस जमा कराने में परेशानी नहीं आएगी। आढ़ती सीधे ही कमेटी के बैंक खाते में फीस जमा करा सकेंगे। पहले वाली प्रक्रिया मेें आढ़तियों को कमेटी कार्यालय में नकद जमा कराना होता था, जिससे कई तरह की परेशानियां होती थी।
पानीपत अनाज मंडी धान की आवक शुरू हो गई है। सीजन शुरू होने के बाद मार्केट कमेटी बोर्ड भी सतर्क हो गया है। विभागीय अधिकारियों की ओर से किए प्रयासों से इस बार आढ़तियों को एक बड़ी राहत मिली है। सीजन के दौरान आढ़ती अब मार्केट फीस को सीधे कार्यालय के खाते में जमा करा सकेंगे।
इस तरह होगी फीस जमा
सभी आढ़तियों को मार्केट कमेटी बोर्ड की फीस जमा कराने से संबंधित अकाउंट नंबर बताया जाएगा। इसके बाद कोई भी आढ़ती अपनी सुविधानुसार किसी भी बैंक में जाकर मार्केट कमेटी बोर्ड के खाते में फीस जमा करा सकेंगे। बैंक में फीस जमा कराने के बाद मिलने वाली संबंधित स्लिप कार्यालय में दिखानी होगी।
इसके अलावा आढ़ती इंटरनेट सेवा का लाभ पा सकते हैं। इसमें आढ़ती अपने सिस्टम का प्रयोग करते हुए खुद के खाते से भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। यह सबसे आसान तरीका रहेगा।
पुरानी प्रक्रिया मेें थी परेशानी
पुरानी प्रक्रिया में नकद मार्केट फीस जमा कराने में कई तरह की परेशानियां होेती थी। आढ़ती या उनके नुमाइंदे कैश लेकर चलने में जोखिम महसूस करते थे।
इसके अलावा कार्यालय के अधिकारियों या कर्मचारियों को भी फीस की भारी रकम बैंक में ले जाने में परेशानी होती थी। इससे लूटपाट की आशंकाएं बनी रहती थी। पुरानी प्रक्रिया आढ़ती और विभाग दोनों के लिए ही परेशानी बनी थी।
लंबे समय से थी मांग
आढ़ती बैंकिंग सुविधा की लंबे समय से मांग कर रहे थे। उन्हें भी फीस के पैसे जमा कराने में परेशानी होती थी। कई बार फीस जमा कराने वालों की लंबी-लंबी लाइन लग जाती थीं। इससे समय की बर्बादी होती थी। आढ़ती संदीप, बलवान शर्मा, दलबीर मलिक और यशपाल ने बताया कि नई योजना अच्छी रहेगी।
अब आढ़ती किसी भी बैंक के माध्यम से सीजन के दौरान मार्केट फीस जमा करा सकेंगे। कार्यालय में कैश लाने की जरूरत नहीं रहेगी। इसके अलावा आढ़ती इंटरनेट का प्रयोग करके अपने खाते से सीधे विभाग के खाते मेें भी फीस ट्रांसफर कर सकेंगे। आढ़तियों की सुविधा को देखते हुए यह योजना शुरू की गई है।
देवेंद्र ढुल, सचिव, मार्केट कमेटी बोर्ड, पानीपत