पानीपत। औद्योगिक नगरी में 28 जुलाई को राष्ट्रीय स्तर की मैराथन का आयोजन किया जाएगा। ये मैराथन दुनिया के सबसे बड़े खेल महाकुंभ ओलंपिक की तर्ज पर होगी। मैराथन के लिए 50 हजार एथलीटों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके संबंध में प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख संस्थानों व एसोसिएशनों के साथ कई बैठकों का आयोजन किया जा चुका है। हर जिले के उपायुक्तों को जिला खेल अधिकारी के माध्यम से इस मेगा आयोजन के लिए बैस्ट एथलीटों की सूची भेजने का अनुरोध किया गया है। मैराथन के लिए 21 कोच को आमंत्रित किया जा रहा है। उनकी भूमिका इस मेगा आयोजन में अहम रहेंगी। प्रशासन ने पंजीकरण के लिए एक वेबसाइट भी तैयार की है। जिसका नाम मैराथन पानीपत डॉट इन रखा गया है। ये वेबसाइट बुधवार से अपना कार्य शुरू कर देगी। मैराथन में भाग लेने वालों के लिए कुछ आवश्यक शर्तें भी गई हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने मैराथन के संबंध में मंगलवार को कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली और उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई और सुझाव भी मांगे गए। उन्होंने बताया कि मैराथन को सफल बनाने के लिए हरियाणा के उच्च कोटि के कलाकारों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मैराथन में शामिल होने वालों के लिए अच्छी टी शर्ट व ड्रिंक की व्यवस्था की गई है। मैराथन को आकर्षक बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के संदेश के जरिये लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मैराथन के विजेताओं को पारितोषिक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा कई सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम मनदीप सिंह व जिला परिषद के सीईओ गौरव भी उपस्थित रहे।