केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा शुरू हो चुकी है। इस साल कोविड प्रोटोकॉल का ख्याल रखते हुए सीबीएसई बोर्ड परीक्षा सब्जेक्टिव पैटर्न पर ली जा रही है। परीक्षा पैटर्न बदलने के साथ ही होम सेंटर न मिल पाने से कई विद्यार्थी तनाव में हैं। इस तनाव को दूर करने के लिए शिक्षा विशेषज्ञों की ओर से विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए समय का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है। इससे बेहतर अंक हासिल किए जा सकते हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक सीबीएसई टर्म-2 परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए जरूरी है कि 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी सैंपल पेपर से परीक्षा पैटर्न को अच्छी तरह से समझ लें। इससे उनके लिए पेपर हल करना आसान हो जाएगा। वहीं परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों के लिए भी बेहतर आइडिया मिल जाएगा। अक्सर छोटी-मोटी गलतियों के कारण परीक्षा में अंक कट जाते हैं। अगर आप इस साल 10वीं या 12वीं की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं तो आपको बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने के कुछ ऐसे टिप्स पता होने चाहिए जिनसे आप अपनी उम्मीद से भी ज्यादा मार्क्स हासिल कर सकें।
परीक्षा के दौरान याद रखें ये टिप्स
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के दौरान हर विद्यार्थी को कुछ खास बातों का ख्याल रखना चाहिए। इससे अच्छे अंक हासिल करने में काफी मदद मिल सकती है।
- परीक्षा से पहले विद्यार्थी को 15 मिनट का रीडिंग टाइम दिया जाता है। इस समय पेपर हल करने की नीति बना लें।
- प्रश्न में जितने अंक का पूछा गया है, उतना ही लिखें। किसी भी जवाब में अतिरिक्त लिखने पर अतिरिक्त अंक तो नहीं मिलेंगे,
आपका समय जरूर खराब हो जाएगा।
- अगर किसी खंड में आपको दो सवालों के बीच चयन की सुविधा दी गई है तो उन्हें ध्यान से पढ़ लें। उनमें से वही प्रश्न करें,
जिनके लिए आप पूरी तरह से तैयार हों।
- सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं की जाती है। इसलिए बिना घबराए सभी सवाल जरूर करें।
- पूरे पेपर में सिर्फ एक ही इंक से लिखें। आंसर शीट को सजाने के चक्कर में अपना टाइम जरा भी बर्बाद न करें।
वर्जन-
- सीबीएसई टर्म-2 परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने के लिए जरूरी है कि 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी सैंपल पेपर से परीक्षा पैटर्न को अच्छी तरह से समझ लें। इससे उनके लिए पेपर हल कर पाना आसान हो जाएगा। साथ ही परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों का भी बेहतर आइडिया मिल जाएगा।
- हरिसिंह वर्मा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर।
------