पानीपत। करवा चौथ पर लव मैरिज करने वाले युवती ने तीन दिन बाद ही जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। युवती ने सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें कहा कि लड़का-लड़की दोनों पक्षों के परिवार वाले शादी से खुश नहीं हैं, जिस वजह से वह आत्महत्या करने जा रही है। किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया था। तीन बाद परिजन बिहार से पानीपत पहुंचे और बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
मूल रूप से बिहार के मूंगेर जिले की निवासी मृतका के भाई शिवम ने बताया कि वह अपनी मां और बहन शालिनी (22) के साथ पानीपत के आजाद नगर में किराए के मकान में रहता है। उसके पिता गांव में रहते हैं। शालिनी ने असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ में पिछले करीब एक साल से काम करती थी, जहां उसकी पहचान लैब में काम करने वाले युवक अमन निवासी गांव वेसर, मतलौडा, जिला पानीपत के साथ हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों ने अपने-अपने घर पर शादी की बात की थी, लेकिन दोनों परिवार इस बात के खिलाफ थे। पिछले करीब एक माह पहले शालिनी ने अस्पताल से नौकरी छोड़ दी थी। बीस दिन पहले अमन ने भी अस्पताल जाना छोड़ दिया था। बहन शालिनी ने सुसाइड नोट में लिखा कि दोनों ने करवा चौथ के दिन घर से भाग कर कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद दोनों ने आजाद नगर में ही किराए पर कमरा लिया था। यहां दोनों अकेले रह रहे थे, लेकिन लड़का पक्ष इस शादी के ज्यादा खिलाफ था। हालांकि खुश लड़की के परिवार वाले भी नहीं थे। वह आत्महत्या कर रही है, इसमें न ही दोनों परिवार की कोई जिम्मेदारी है और न ही उसके पति अमन का कोई दोष है। इसलिए किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की जाए।