पानीपत। विभिन्न संगठनों, राजनीतिक दलों के लोग अपनी मांगों के लिए विरोध और प्रदर्शन जिला सचिवालय के अंदर नहीं कर सकेंगे। इसके लिए एलिवेटेड हाईवे के नीचे जगह तय की है।
जिलाधीश वीरेंद्र कुमार दहिया ने विभिन्न संगठनों, राजनैतिक दलों के लिए गाइडलाइन जारी की है। डॉ. दहिया ने बताया कि विभिन्न संगठनों, राजनैतिक दलों के आंदोलनकारियों को अपनी मांगों का विरोध प्रदर्शन करने के लिए जिला सचिवालय के पास जीटी रोड पर ऐलिवेटेड हाईवे के नीचे खुली जगह को चिह्नित करने के आदेश किए हैं।
जहां पर ये संगठन शांतिपूर्ण सभा और आंदोलनकारियों के लिए विरोध प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि विभिन्न संगठनों व राजनीतिक दलों के आंदोलनकारी अपनी मांगों के लिए और विरोध प्रदर्शन करने के लिए जिला सचिवालय परिसर के पास एकत्रित होते हैं। यही नहीं ये लोग उपद्रव भी पैदा करते हैं और कानून व्यवस्था की समस्या भी पैदा करते हैं जिससे परिसर में नियमित काम के लिए आने वाले आमजन को असुविधा होती है। जिसके दृष्टिगत उक्त स्थान चिह्नित किया है। संवाद