मारपीट में घायल शराब ठेकेदार व सेल्समैन। संवाद
पानीपत। थाना सेक्टर-13-17 के पलहेड़ी गांव में वीरवार रात को करीब 10 बजे शराब ठेके पर कुछ हमलावरों ने ठेकेदार संजय और सेल्समैन रणवीर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से वार कर दोनों को घायल कर दिया। बीच-बचाव को आए ठेकेदार के भतीजे के साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी दो दिन की सेल के 95 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन भी लूटकर ले गए। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार ने शिकायत दी है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पलहेड़ी गांव के संजय ने बताया कि वह शराब की ठेकेदारी करता है। उसने गांव में ही शराब का ठेका ले रखा है। वीरवार शाम को वह अपने ठेके पर बैठकर सेल्समैन रणवीर के साथ दो दिन की सेल का हिसाब कर रहे थे। उसी समय वहां पर बराना गांव के दो व्यक्ति अपने साथ पांच-छह युवकों और कुछ महिलाओं को लेकर पहुंचे। आते ही उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने हाथ में लिए लाठी डंडों और धारदार हथियार से वार किए। इसके बाद उनमें से एक हमलावर ठेके के अंदर घुस गया और गल्ले में रखी करीब 95 हजार रुपये की नकदी और उनके गले से करीब पांच तोले सोने की चेन भी लूट ली। इसके शोर सुनकर उनका भतीजा अतुल मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से भाग गए।
संजय ने बताया कि उन्होंने तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दी। तुरंत ही थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस ने शराब ठेकेदार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी अपने कब्जे में ली। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शराब ठेके पर मारपीट और लूट की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-दलबीर सिंह, प्रभारी थाना सेक्टर-13-17
-