समालखा। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता धर्म सुहाग ने बिहोली सब डिविजन के लाइनमैन राहुल को निलंबित कर दिया है। राहुल के पास कंज्यूमर क्लर्क (सीसी) का भी चार्ज था। यह कार्रवाई महावटी गांव के कपिल की शिकायत पर की गई है।
राहुल को खेत में ट्यूबवेल का कनेक्शन लगवाना था। जिसके लिए राहुल ने कपिल से रिश्वत के तौर पर रुपयों की मांग की थी। अधीक्षण अभियंता ने इसकी जांच एसडीओ की दी थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर रिश्वत लेने के आरोप सामने आने पर कार्रवाई की है। कपिल ने शिकायत में बताया कि वह महावटी गांव स्थित अपनी जमीन में ट्यूबवेल कनेक्शन लेने के लिए राहुल लाइनमैन को अपने कागजात व कनेक्शन लगवाने के लिए रिश्वत की राशि दी थी। इसके बाद जब भी वह दफ्तर में जाता तो टाल मटोल करता था।
वह शिकायत लेकर एसडीओ बिहोली के पास भी गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जब बिजली अधिकारियों ने उसकी शिकायत नहीं सुनी तो विधायक मनमोहन भड़ाना से न्याय की गुहार लगाई। विधायक भड़ाना के संज्ञान लेने पर आरोपी लाइनमैन से रिश्वत के तौर पर लिए रुपये कपिल को वापस कराए। एसडीओ बिहोली जतिन जांगड़ा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट एक्सईएन को दी थी। रिपोर्ट के आधार पर एससी धर्म सुहाग ने रिश्वत लेने के आरोपी राहुल लाइनमैन को सस्पेंड कर दिया। संवाद