पानीपत। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र नांगलखेड़ी गांव में घर के बंटवारे के विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर में कुदाल मारकर मौत के घाट उतार दिया। दो भाइयों मुकेश व राकेश के बीच में घर के बंटवारे का विवाद चल रहा था। वीरवार शाम को भी उनके बीच कहासुनी हुई थी।
आरोप है कि शाम को करीब पांच बजे राकेश ने मुकेश के सिर में कुदाल से कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। हत्या की सूचना पर डीएसपी यातायात तुरंत पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। हत्यारोपी की तलाश में तीन टीमों का गठन किया गया है।
नांगलखेड़ी के अशोक ने बताया कि वह तीन भाई है। दूसरे नंबर का मुकेश (42) और सबसे छोटा राकेश है। मुकेश और राकेश एक ही मकान में रहते थे। मुकेश मित्तल फैक्टरी में चालक थे। उनके अपने छोटे भाई राकेश के साथ संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में वीरवार को भी उनकी कहासुनी हुई थी। शाम को करीब पांच बजे एक बार फिर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। इसके बाद राकेश घर से कुदाल लाया आया और मुकेश के सिर में ताबड़तोड़ वार कर दिए। मुकेश लहूलुहान होकर घर के आंगन में ही गिर गया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।