पानीपत। जिला स्तरीय समाधान शिविर में आधी से भी कम शिकायतों का समाधान हो पाता है। बाकी लोग न्याय को लेकर चक्कर काट रहे हैं। अधिकारियों ने इस पर चिंता जाहिर की और अधिकारियों को इसको 90 प्रतिशत तक ले जाने के निर्देश दिए। अब इसमें नया बदलाव करते हुए हर सप्ताह समीक्षा करने का फैसला लिया है। शिविर में 50 फीसदी से भी कम शिकायतों का समाधान होने पर आधा दर्जन अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।
उधर सोमवार को जिला सचिवालय में जिला स्तरीय समाधान शिविर में 63 लोगों ने न्याय की गुहार लगाई। एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समाधान की रिपोर्ट साथ लेकर आनी होगी। सोमवार को जिला सचिवालय के प्रथम तल पर स्थित सभागार में समाधान शिविर लगाया गया। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज ने की। उनके सामने 63 लाेगों ने अपनी समस्याएं रखी। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समय में ज्यादा से ज्यादा समस्याओं का समाधान करें व शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करके घर भेंजे। अतिरिक्त उपायुक्त ने 16 विभागों की शिकायतों की समीक्षा की। जिसमें 50 प्रतिशत से कम समस्याओं का समाधान की स्थिति में पाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी समाधान में तेजी लेकर आएं। यह 90 प्रतिशत तक लेकर आना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ के नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि ये समाधान शिविर लोगों की समस्याओं का निदान करने के लिए मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर लगाए जा रहे हैं। अगर इन पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तो वे इसके खुद जिम्मेदार होंगे। उन्होंने अगली समीक्षा बैठक से पूर्व शेष समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
बॉक्स
समालखा में अवैध सब्जी मंडी बंद कराने की मांग
संदीप वासी वार्ड-12 ने प्रशासन से राशन कार्ड में नाम दर्ज करवाने की अपील की। राजेंद्र वासी सींक ने बताया कि मेरी फसल मेरा ब्योरा में पंजीकरण करवाते हैं तो खेवट किसी दूसरे के नाम दिखता है। समालखा उपमंडल की आढ़ती एसोसिएशन ने नेशनल हाईवे के नीचे चल रही सब्जी मंडी को बंद कराकर वैध मंडी में शिफ्ट कराने की मांग की। अतिरिक्त उपायुक्त ने मार्केट कमेटी सचिव को उपरोक्त शिकायत पर संज्ञान लेने के निर्देश दिए। वार्ड-24 की मीनाक्षी ने राशन कार्ड में डिपो का पता बदलवाने की मांग की। सतकरतार कॉलोनी की भूपेंद्र कौर दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। इस मौके पर एसपी लोकेंद्र सिंह, एसडीएम ब्रह्मप्रकाश, सीटीएम टीनू पोसवाल, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा व डीआरओ रणविजय सिंह सुल्तानिया मौजूद रहे।