पानीपत। निजी स्कूल के बस चालक से जर्मनी भेजने के नाम पर 7.68 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने न तो उसे जर्मनी भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है। उसकी धरपकड़ की जा रही है।
हरी नगर निवासी सुभाष ने बताया कि वह निजी स्कूल की बस पर बतौर चालक नौकरी करता है। उनके मकान में पहले सेक्टर 18 निवासी पाल सिंह का आरा था। इसलिए वह पाल सिंह को जानता है। पाल सिंह 15 मार्च 2023 को उसके पास तहसील कैंप में निजी अस्पताल में आया। उसने उसे कहा कि उसका भाई सुभाष जर्मनी में नौकरी करता है। उसके भाई सुभाष को वहां चालक चाहिए। इसलिए अगर वह चाहे तो वो उसे जर्मनी भेज देंगे। इसमें 7.68 लाख रुपये का खर्च आएगा। उसने अपने जानकारों से उधार पैसे लेकर पाल सिंह को 7.68 लाख रुपये व कागजात दे दिए। उसको एक साल तक ना तो जर्मनी भेजा गया और न ही उसके पैसे वापस किए। जब वह पैसे वापस मांगता है तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हैं। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपी पर कार्रवाई की जाए।