पानीपत। तेज बारिश और हवा से जिले में धान और सब्जियों की फसल को हुए नुकसान की भरपाई के लिए अखिल भारतीय किसान सभा ने मोर्चा खोल दिया है। किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक और सचिव राजपाल गाहल्याण के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तुरंत गिरदावरी कराने और किसानों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसान परेशान हैं। उन्होंने अनाज मंडियों में खुले में पड़ी फसल के नुकसान पर चिंता जताते हुए धान का उठान तेज करने और बिना नमी का बहाना बनाए निर्बाध खरीद जारी रखने की मांग की। उपायुक्त ने गिरदावरी कराकर सरकार को रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया।