- मुल्तान सावन जोत सभा के दूसरे दिन एक शाम राधा रानी के नाम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। कन्हैया तुम्हारी झलक चाहते हैं जो झपके ना ऐसी पलक चाहते हैं...। मेरे मोहन तेरा मुस्कराना भूल जाने के काबिल नहीं है... जैसे भजनों पर बुधवार को विराट नगर स्थित राधा रमन मंदिर गूंज उठा। शाम को शुरू भजन संध्या देर रात तक चली।
मौका था मुल्तान सावन जोत सभा के आठवें वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन का। राधा रमन मंदिर विराट नगर में एक शाम राधा रानी के नाम से भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्रह्म ऋषि नाथ महाराज और वेद प्रकाश महाराज की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ। किन्नर समाज से महंत बेबी शर्मा का भी आशीर्वाद प्राप्त हुआ। मुख्यातिथि समाजसेवी सुरेंद्र रेवड़ी, विजय जैन, जगदीश जैन, सुरेश गुप्ता, गोपाल तायल, महेंद्र मुंजाल, संजय अग्रवाल, पार्षद संजीव दहिया,अमित नारंग, नवील जिंदल, अंकुश गुप्ता और सचिन गुप्ता को प्रधान विपिन चुघ को सम्मानित किया।
मुल्तान जोत सभा के प्रधान विपिन चुघ ने बताया कि भजन संध्या को मुंबई से पहुंचे भजन सम्राट जतिन विनोद अग्रवाल ने भजनों से भक्तों को भाव विभोर कर दिया। दिल्ली से आए भजन गायक महावीर शर्मा द्वारा भजन श्याम हमारे दिल से पूछो इतना तुमको याद किया मेरी राधे से मिलकर तो देखो प्यार तुझको भी हो जाएगा भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। समिति के महासचिव तिलक राज मिगलानी ने बताया कि दो अगस्त दिन शनिवार को कृष्ण कृपा धाम भीमगोड़ा हरिद्वार में गीत गोविंद संकीर्तन मंडल के द्वारा एक शाम ठाकुर के नाम का कार्यक्रम भी रखा गया है। इस मौके पर कपिल गुप्ता, जुगल कंसल, गिरीश माटा, सुनील पुनियानी, विजय मिगलानी मौजूद रहे।