पानीपत। आईबी पीजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग की ओर से नवागंतुक विद्यार्थियों के सम्मान और स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों गीत, नृत्य और कविताओं ने वातावरण को सरस और उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर तालियां बटोरीं। आयोजन के दौरान बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं भी रखी गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में एमए प्रथम वर्ष से मिस फ्रेशर का खिताब कमलजीत को तथा मिस्टर फ्रेशर का खिताब अरुण को प्रदान किया गया। इसी प्रकार बीए ऑनर्स प्रथम वर्ष से मंतशा को मिस फ्रेशर एवं अभिषेक को मिस्टर फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डाॅ. शशि प्रभा मलिक, विभागाध्यक्ष डॉ. नीलम, लाइब्रेरियन डॉ. प्रवीन कुमार एवं अंग्रेजी विभाग के अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि कॉलेज हर साल नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन करते हैं। इस पार्टी का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों का स्नेहपूर्ण स्वागत करना होता है। ऐसे आयोजन जूनियर्स को एक-दूसरे से जुड़ने और सीनियर्स के साथ बेहतर तालमेल बनाने में मदद करते हैं। इससे सभी के बीच बेहतर समझ विकसित होती है और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है। विभागाध्यक्ष डॉक्टर नीलम ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों की आशाओं, सपनों और आकांक्षाओं को पंख लगेंगे। सभी विद्यार्थी ज्ञान के विशाल वृक्ष की तरह बढ़ेंगे और एक समृद्ध परंपरा का हिस्सा बनेंगे।