शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को अपनी समस्या बताते हुकटा के प्रतिनिधि। स्रोत : संघ
- फोटो : samvad
पानीपत। हरियाणा यूनिवर्सिटीज कॉन्ट्रेक्टचुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से मिलकर विश्वविद्यालय में कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों के लिए जॉब सिक्योरिटी एक्ट बनाकर रोजगार सुरक्षित करने की मांग की।
शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त दिया कि विधानसभा सदन में भी सरकार की ओर से अनुबंधित शिक्षकों की जॉब सिक्योरिटी के संबंध में सकारात्मक बात कही जा चुकी है। इस विषय पर उच्च अधिकारी कार्य कर रहे हैं। सरकार इस विषय में जल्द ही उचित फैला लेगी। हुकटा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विजय मलिक ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में लगभग 1400 अनुबंधित सहायक प्राध्यापक हैं। इनकी नौकरी सुरक्षित नहीं है। कॉलेज में कार्यरत एक्सटेंशन लेक्चरर्स, पॉलिटेक्निक के गेस्ट टीचर्स, स्कूलों के गेस्ट टीचर्स तथा हरियाणा कौशल रोजगार निगम सहित अन्य अनुबंधित कर्मचारियों के लिए सेवा-सुरक्षा संबंधी एक्ट पास किए गए हैं। इसी प्रकार विश्वविद्यालयों के अनुबंधित शिक्षकों को भी रोजगार सुरक्षा प्रदान करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के अनुबंधित शिक्षक पिछले दो वर्ष से लगातार अपने अधिकारों व रोजगार सुरक्षा की मांग के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अभी तक केवल विश्वविद्यालयों के अनुबंधित शिक्षकों के लिए अलग से एक्ट नहीं बनाया है। उन्होंने कहा कि यदि यह बिल पारित होकर एक्ट का रूप लेता है तो सभी अनुबंधित शिक्षकों को सेवा-सुरक्षा का लाभ मिलेगा। वे अधिक निष्ठा, समर्पण व मनोयोग के साथ अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इस अवसर पर डॉ. मीनू व डॉ. मीनाक्षी उपस्थित रहीं।