झांबा गांव में पानी की निकासी को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : mathura
एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होने पर दी धरने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। सनौली खुर्द गांव के अड्डे व काॅलोनी का दूषित पानी झांबा गांव में आने पर ग्रामीणों ने रोष प्रदर्शन किया। वहीं ग्रामीणों ने जिला एवं खंड प्रशासन को चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में सनौली खुर्द के अड्डे के दूषित पानी के समाधान नहीं किया तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
झांबा गांव के सरपंच पति महेश त्यागी, किसान राजेश, सतबीर, सुरेंद्र, सोनू, राजपाल, पवन व बनारसी ने बताया कि सनौली खुर्द गांव के अड्डे व काॅलोनी का पानी झांबा गांव के नाले में आता है। झांबा गांव का भी दूषित पानी उसी नाला से होकर गांव के तालाब में जाता है। झांबा गांव का तालाब छोटा है और दोनों गांव का पानी तालाब में जाने से ओवरफ्लो हो जाता है। जिससे साथ लगते धान के खेतों में पानी भर जाता है। इससे कई किसानों की फसल खराब हो जाती है। ग्रामीणों द्वारा हर जगह मामले को लेकर शिकायत दी है लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। इस बारे में सनौली खंड के एसईपीओ नरेश कुमार ने बताया कि झांबा गांव के ग्रामीणों की शिकायत दी है और इस संबंध में सनौली खुर्द व झांबा गांव की पंचायतों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जिसमें सनौली खुर्द के पंचायत सरपंच संजय त्यागी को अपने दूषित पानी का समाधान करने को कहा गया। झांबा गांव की पंचायत से भी इसके लिए बात की जाएगी।