पानीपत। सबअर्बन सब डिवीजन-2 में कार्यरत जेई नंदलाल पर एनडीएस कनेक्शन देने पर 1.30 लाख रुपये मांगने के आरोप लगे हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जेई के कहने पर एक ठेकेदार को 1.30 लाख रुपये लेते पकड़ा है। एसीबी की टीम ने ठेकेदार को छोड़ दिया और जेई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर बिजली निगम को पत्र लिखा है।
एसई ने इसकी जांच एक्सईएन को सौंपी है। एक्सईएन ने शिकायतकर्ता और जेई को नोटिस जारी किया है। गढ़ी सिकंदरपुर निवासी दिनेश ने एंटी करप्शन ब्यूरो को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनको एनडीएस कनेक्शन लेना है। इसकी लाइन के लिए सब अर्बन सब डिवीजन-2 में तैनात जेई नंदलाल ने 2.50 लाख की मांग की है। उनमें 1.50 लाख में सहमति हुई है।
एसीबी की टीम ने सबूतों के आधार ड्यूटी मजिस्ट्रेट डीएचओ संदीप नागर अगुवाई में नोहरा स्थित दिनेश के फार्म हाउस पर दबिश दी। टीम को 11 मार्च को कुलदीप को ठेकेदार दिनेश से 1.30 लाख रुपये लेते पकड़ लिया। ठेकेदार ने बताया कि जेई नंदलाल ने पैसे लाने के लिए भेजा था। टीम ने पूछताछ के बाद ठेकेदार को छोड़ दिया।
जेई नंदलाल के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। आरोपी जेई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भूमिगत हो गया। एसीबी की टीम ने आरोपी की धरपकड़ के लिए संदिग्ध स्थानों पर दबिश भी दी। इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि इस मामले में आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
निगम ने रिकॉर्ड निकलवाया :
एसई धर्म सुहाग ने एसीबी की रिपोर्ट के आधार पर एक्सईएन को जांच सौंपी है। सब अर्बन डिवीजन के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू को जांच दी है। निगम ने कनेक्शन संबंधित पूरा विवरण शाखा से मांगा है। शुक्रवार को शाखा में रिकॉर्ड तैयार किया गया। जांच अधिकारी कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। ब्यूरो