पानीपत। बाबरपुर मंडी स्थित जावा ट्रेडिंग पर धान के सीजन में तौल में गड़बड़ी की थी। मार्केट कमेटी ने आढ़ती पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनको भविष्य में इस तरह की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। भाकियू ने सीजन के समय तौल कराकर गड़बड़ी पकड़ी थी।
धान के सीजन में तौल में गड़बड़ी के पहले दिन से ही आरोप लगने शुरू हो गए थे। भारतीय किसान यूनियन ने भी किसानों की आवाज उठाई थी और मंडियों में बोरियों का तौल कराया था। भाकियू की टीम ने बाबरपुर मंडी स्थित जावा ट्रेडिंग पर धान का वजन कराया था। यूनियन ने तौल में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे।
मार्केट कमेटी पानीपत की टीम भी मौके पर पहुंची थी। कमेटी सचिव आशा कुमारी ने फिर से तौल कराया था। इसकी जांच कराई तो गड़बड़ी सामने आ गई। मार्केट कमेटी ने जावा ट्रेडिंग को तौल में गड़बती मिलने पर नोटिस दिया था। कमेटी ने इस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया और आगे ठीक से कार्य करने की हिदायत दी है।
अवैध रूप से खड़े रहते हैं वाहन : मार्किट कमेटी में अवैध रूप से वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी होती है। अधिकारियों के बार-बार के कहने के बाद भी वाहनों को खड़ा किया जाने लगा। अब यहां यातायात पुलिसकर्मी तैनात कर दिया गया है। शुक्रवार को अवैध वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। अब ऐसे वाहनों को इंपाउंड किया जाएगा।