धनसौली में पुलिस की मौजूदगी में जलाभिषेक
- फोटो : धनसौली में पुलिस की मौजूदगी में जलाभिषेक
पानीपत। धनसौली गांव में एक समाज के कांवड़ियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में गांव के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। इस दौरान सनौली खुर्द थाना प्रभारी एसआई संदीप कुमार भी मौजूद रहे और डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान गांव के हालात की जानकारी लेते रहे।
सनौली खुर्द थाना पुलिस ने बुधवार सुबह चार बजे गांव के सरपंच हरविंद्र फोर से मंदिर की चाबी लेकर ग्रामीणों की मदद से खुलवाया। गांव के एक समाज के युवक जीप लेकर हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गए थे।
उन्होंने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शिवलिंग पर गंगा जल चढ़ाया। सरपंच हरविंद्र फोर व सनौली खुर्द थाना प्रभारी संदीप कुमार के प्रयासों से शांतिपूर्वक तरीके से डाक कांवड़ लेकर पहुंचे युवकों और अन्य ग्रामीणों ने जलाभिषेक किया गया। कुछ दिन पहले गांव के शिव मंदिर में एक समाज के युवकों द्वारा हरिद्वार से कांवड़ के माध्यम से लाए जाने वाले गंगा जल को मंदिर में चढ़ाने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध किया था। इसको लेकर गांव में पंचायत हुई थी लेकिन समाधान नहीं हो पाया था।
गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। धनसौली गांव के सरपंच पति हरविंद्र फोर व सनौली खुर्द थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि गांव में शिवरात्रि पर्व पर गांव के शिव मंदिर में शांतिपूर्वक सभी ने जलाभिषेक किया गया। ब्यूरो