पानीपत। सीबीआई ने जीटी रोड सिवाह गांव स्थित ईसीएसएस (पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना) के पॉलीक्लीनिक के एक चिकित्सक समेत दो से पूछताछ तेज कर दी है। चिकित्सक नवनीत कुमार 2023 से पानीपत में नियुक्त हैं। उन पर निजी अस्पताल संचालकों के साथ मिलकर मरीजों को उनके अस्पताल में भेजने करने का आरोप हैं। सीबीआई की चंडीगढ़ और दिल्ली की टीम ने दोनों को शुक्रवार को हिरासत में लिया था। सीबीआई के अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने को राजी नहीं हैं।
पॉलीक्लीनिक से निजी अस्पतालों में भेजे जाने वाले मरीजों का हर महीने दो से तीन करोड़ रुपये के बिल सेना में भेजे जा रहे हैं। मरीजों को पानीपत के विभिन्न निजी अस्पतालों में भेजा जाता है। इन अस्पतालों के दलाल भी पॉलीक्लीनिक में बैठे रहते हैं, इनके इलाज के नाम पर सेना से मोटा बिल वसूलते हैं। इसकी शिकायत पर सीबीआई की टीम ने डॉ. नवनीत कुमार को उनके समालखा स्थित घर से हिरासत में लिया था, इनके साथ एक अन्य को हिरासत में लिया था। सीबीआई इंस्पेक्टर अरुण अहलावत की देखरेख में टीम ने पानीपत के सिवाह स्थित पॉलीक्लीनिक में शुक्रवार शाम को रिकॉर्ड जांचा था। यहां कंप्यूटर से रिकॉर्ड की जांच की। ब्यूरो