पानीपत। जिला शिक्षा विभाग द्वारा निरंतर राजकीय स्कूलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने शनिवार को जिले के गांव सनौली कलां, सनौली खुर्द, धनसौली, कुराड़, उग्राखेड़ी आदि गांव के राजकीय स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान डायट संस्थान से मनोविज्ञान के प्रो. तकदीर सिंह भी साथ रहे जिन्होंने किशोरावस्था और छात्रों के व्यवहार में सुधार आदि के बारे में बहुमूल्य जानकारी दी।
सबसे पहले जिला शिक्षा अधिकारी राजकीय स्कूल सनौली कलां पहुंचे और प्रयागराज में आयोजित हुई नॉर्थ इंडिया सब जूनियर शॉटपुट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी छात्रा पायल के सम्मान समारोह में शामिल हो छात्रा को सम्मानित किया। समारोह के बाद 10वीं, 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं में सौ फीसदी परिणाम लाने के सुझाव दिए। इसके बाद डीईओ राकेश बूरा ने राजकीय स्कूल सनौली खुर्द, धनसौली, कुराड़, उग्राखेड़ी स्कूलों का दौरा किया और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों की डायरी, एनएमएमएसएस पंजीकरण, छात्रों की संख्या, समायोजन अवधि, परिसर की स्वच्छता, बिल्डथॉन पंजीकरण, शिक्षण सीखने पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया और बोर्ड कक्षाओं में 100 प्रतिशत बेहतर परिणाम के लिए सुझाव दिए। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षण और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सुधार के लिए प्रेरित किया। संवाद