पानीपत। समग्र शिक्षा पानीपत और श्री अरविंद सोसाइटी के सम्मिलित प्रयासों से जिले के नवाचारी शिक्षकों के लिए ‘शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार’ कार्यक्रम के अंतर्गत ई-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन माध्यम से जिले के 26 नवाचारी शिक्षकों ने एक-एक अपने टीएलएम (टीचर लर्निंग मैटेरियल) और शून्य निवेश नवाचार प्रस्तुत किए।
शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्य अतिथि बृजमोहन गोयल ने कहा कि टीएलएम के उपयोग से शिक्षण रोचक बनता है और इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती है। शून्य निवेश नवाचारों पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर असर पड़ा है। हालांकि शिक्षकों ने सीखने की प्रक्रिया को बनाए रखने और अधिगम स्तर में आए अंतर को दूर करने की पूरी कोशिश की है लेकिन समय के अभाव और सीमित संसाधनों के बीच विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बढ़ाने के लिए शिक्षकों के नवाचारों का उपयोग करना कारगर सिद्ध होगा। हमें आशा है कि ई-प्रदर्शनी में साथी शिक्षकों के नवाचारों को देख अन्य शिक्षक भी शून्य निवेश नवाचार करने और टीएलएम के माध्यम से पढ़ाने के लिए प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी राजवीर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार एवं श्री अरविंद सोसाइटी के राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रमुख अशोक शर्मा ने आयोजन में भाग लिया।