पानीपत। गांव निंबरी के पास लगे शिविर में प्रसाद लेकर बाहर निकले सात वर्षीय बच्चे को एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी। इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। आरोपी बाइक चालक के खिलाफ पिता ने चांदनीबाग थाने की पुलिस को शिकायत दी गई है। इस शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मूलरूप से बिहार के गया जिले के निवासी कुलेंद्र ने बताया कि वह पानीपत में सनौली रोड पर गांव निंबरी के पास श्रीराम टेक्सटाइल कंपनी में काम करते हैं। गांव निंबरी के पास कांवड़ियों के लिए एक शिविर लगा है। 23 जुलाई को वह अपने सात वर्षीय बेटे के साथ शिविर में प्रसाद लेने के लिए गए थे। वह प्रसाद लेकर शिविर से बाहर सनौली रोड पर निकले तो इसी बीच एक बाइक चालक उग्राखेड़ी की तरफ से तेज रफ्तार में आया और बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बेटा सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया। वह बेटे को स्थानीय लोगों की मदद से सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके दो बेटे हैं, जिनमें रवि छोटा था।