माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला में सालभर हत्या, चोरी, लूट और झपटमारी की वारदातों से टेक्सटाइल नगरी दहल गई। वर्ष-2024 की बात करें तो चोरी की 434, वाहन चोरी की 825, हत्या की 48 और लूट व झपटमारी की 144 वारदात हुई। इनके अलावा साइबर ठगी और कबूतरबाजों के चक्कर में फंसकर लोगों ने करोड़ों रुपये गवां दिए। इसके साथ आग की घटनाओं से भी औद्योगिक नगरी सालभर धधकती रही।
आग की करीब 1220 घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। पुलिस 2023 की अपेक्षा 20 अपराध कम होने का दावा कर रही है। वहीं अदालत में नशे से जुड़े 25 मामलों में 29 आरोपियों को सजा दी गई। जिला का सबसे बड़ा मामला समालखा से कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर का रहा। ईडी ने जांच और उनको और उनके बेटों की गिरफ्तारी को लेकर कई बार समालखा में दबिश दी। ईडी ने उनके एक बेटे को गिरफ्तार करने में कामयाब रही। पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर अब भी भूमिगत हैं।
मुख्य वारदात और गिरोह :
16 दिसंबर को सीआईए टू पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनसे पांच वारदातों का खुलासा हुआ था।
सीआईए थ्री पुलिस ने 30 नवंबर को सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी की 10 बाइक बरामद की।
गाड़ियों से टायर चोरी करने वाले गिरोह का सीआईए थ्री पुलिस टीम ने 19 नवंबर को भंडाफोड़ किया। इसमें सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पानीपत, रोहतक, हिसार व कुरुक्षेत्र की 10 वारदातों का खुलासा।
सात नवंबर को सीआईए वन पुलिस टीम ने हाईवे पर ट्रक लूटने वाले गिरोह पकड़ा। इसमें सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनसे पानीपत, सोनीपत व दिल्ली की पांच वारदातों का खुलासा हुआ।
15 अक्तूबर को बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। सीआईए टू पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी की 25 बाइक बरामद की।
24 अक्तूबर को बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। सीआईए-थ्री पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को काबू किया था। इनसे चोरी की 17 बाइक बरामद की थी।
14 सितंबर को सीआईए थ्री पुलिस टीम ने डंपर चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी के दो डंपर बरामद किए।
गैस कटर से एटीएम काटकर लूट वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। 18 मार्च को सीआईए वन पुलिस टीम ने गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनसे दो वारदातों का खुलासा किया।
अपहरण, लूट व डकैती करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर सीआईए वन पुलिस टीम ने 28 फरवरी को गिरोह के सरगना सहित नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनसे तीन वारदातों का खुलासा हुआ।-कई वर्षों से फरार चल रहे 13 मोस्ट वांटेड इनामी अपराधी, 62 पीओ व 157 बेल जंपर अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अपराध को रोकने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए हैं। इससे हर तरह के अपराध में काफी कमी दर्ज की है। पुलिस का प्रयास केवल अपराधों पर अंकुश लगाना ही नहीं बल्कि लोगों की मानसिकता में भी बदलाव लाकर अपराधों को जड़ से खत्म करना है। पुलिस सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मंत्र पर काम कर रही है।
लोकेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक।
पुलिस का 29 गैंग खत्म करने का दावा
पुलिस ने जिला में 29 गैंग को खत्म करने का दावा किया है। 2024 में गृह भेदन व झपटमारी के छह-छह, वाहन चोरी के 10, साधारण चोरी छह व लूट के एक सहित 29 गैग शामिल हैं। इनमें 80 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 172 आपराधिक वारदातों का खुलासा हुआ है। इनसे 71.14 लाख रुपये की चोरीशुदा संपत्ति व नकदी बरामद की है।
लूट और झपटमारी की वारदात ने डराया
जिला में इस साल लूट और झपटमारी की 144 वारदात अंजाम दी गई। इनमें सबसे अधिक झपटमारी की वारदात हैं। 2023 में इनकी संख्या 166 थी। इनमें लूट के 66 प्रतिशत व स्नैचिंग के 59 प्रतिशत मामलों को सुलझाया गया है। डकैती के 92 प्रतिशत मामलों को सुलझाया गया है। बाकी वारदातों के खुलासे को लेकर लोग आज भी पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
चोरी और वाहन चोरी से लोग परेशान
जिले में इस साल चोरी और वाहन चोरी से परेशान रहे। इस साल जिला में चोरी की 434 और वाहन चोरी की 825 वारदातों को अंजाम दिया गया। आकड़ा देखें तो हर रोज चोरी की औसतन एक से अधिक वारदात हुई हैं। जबकि वाहन चोरी का यह आंकड़ा हर रोज का दो का रहा है। चोरों ने लोगों की खून पसीने की कमाई एक झटके में उड़ा ली।
पुलिस का दावा है कि वर्ष 2023 में चोरी के 515 मामले आए थे। इस इनकी संख्या कम रही है। वहीं 2023 में वाहन चोरी के 1007 मामले आए थे।
हत्या की 48 वारदात, कई आज भी अनसुलझी
इस साल हत्या की 48 वारदातों को अंजाम दिया गया। इनको सुलझाने में पुलिस को पसीने आ गए। कई वारदात अनसुलझी हैं। इनमें मतलौडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोशी गांव के नजदीक राजवाहे और पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे पर सिवाह गांव के नजदीक मिले महिला के शवों के प्रमुख हैं। पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी इन वारदातों का खुलासा नहीं हो पाया है।
नशे के मामलों में पुलिस घिरी
नशा तस्करी के 111 मामले सामने आए हैं। इनमें 197 आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। सीआईए-टू के तत्कालीन प्रभारी चिड़ी गांव के तस्कर को 30 लाख रुपये लेकर छोड़ने और दूसरे आरोपी के पास नशे की मात्रा कम दिखाने के आरोप लगाए गए। पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया था। उन्होंने तस्कर को गिरफ्तार किया।। इसमें करीब 22 लाख रुपये पहले और आठ लाख बाद में देना सामने आया था।
कोर्ट ने नशे के 25 मामलों में 29 को सुनाई सजा
कोर्ट ने इस साल कई बड़े फैसले सुनाए। पॉक्सो एक्ट में कई बड़े फैसले इस साल सुनाए गए। नशा तस्करी के 25 मामलों में 29 आरोपियों को सजा सुनाई गई। इनमें कम से कम छह महीने और सबसे बड़ी 15 साल की सजा रही। अधिकतम 1.50 लाख का जुर्माना रहा। इस साल 342 ग्राम गांजा, 102 ग्राम अफीम के पौधे, 50964 नशीले इंजेक्शन पुलिस ने पकड़े हैं।
वहीं 18.532 किग्रा. चरस, 12.35 किग्रा. अफीम व 204 ग्राम स्मैक और 80 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
आग से धधकते रहे उद्योग
जिला में इस बार आग की करीब 1220 घटनाएं हुई। इनमें बड़ी 35 घटनाएं रही। औसतन हर रोज तीन घटना हुई। दमकल विभाग की टीम एक घटना को काबू पाने से पहले दूसरी घटना की सूचना पहुंच जाती थी। ऐसे में उनकी भाग दौड़ बनी रही। कई बड़ी घटनाओं में दमकल विभाग को एनएफएल, थर्मल और रिफाइनरी की मदद ली। इसके अलावा कई मामलों में दूसरे जिलों का सहयोग लिया।
ईडी और धर्म सिंह के बीच चोर-पुलिस का खेल
ईडी ने गुरुग्राम में रियल एस्टेट के मामले में समालखा से कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर के आवास पर कई दबिश दी। एक बार यहां सर्वे किया गया। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी। धर्म सिंह छौक्कर विधायक रहते समय भूमिगत हो गए थे। विधानसभा चुनाव के दौरान धर्म सिंह छौक्कर सामने आए। उनकी गिरफ्तारी का मामला हाईकोर्ट में भी पहुंच गया।