जिले में बढ़ाई सतर्कता, भीड़ वाले इलाकों, होटल और ढाबों में रखी जा रही नजर
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। स्वतंत्रता दिवस के मददेनजर जिले में हाई अर्लट घोषित कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। दूसरे जिले और प्रदेश से लगने वाली जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है। जिलेभर में 21 स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। जहां पर 525 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। होटल, ढाबों, स्टोरेंट, भीड़ वाले बाजार, धार्मिक स्थलों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी ने पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। शिवाजी स्टेडियम में कार्यक्रम होगा। जिस कारण कार्यक्रम स्थल सहित विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परेड मैदान के चारों तरफ छह विशेष नाके लगाए गये हैं। इसके अतिरिक्त जिले के 15 स्थाई व अस्थाई नाकों को अलर्ट किया गया है। आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों पर निगरानी व जांच की जा रही है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके साथ पीसीआर, राइडर, डायल 112 की गाड़िया गश्त कर रही हैं।
सोशल मीडिया पर रखी जा रही नजर
एसपी ने सोशल मीडिया और शरारती तत्वों पर नजर रखने के आदेश दिए हैं। इसके लिए अलग से टीम लगाई गई है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए जगह-जगह नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
- भूपेंद्र सिंह, एसपी