देशराज कॉलोनी में गोरी फैक्टरी के सामने होली पर्व पर बाइक सवार दो बदमाशों ने कहासुनी में दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई। दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। युवक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने बाइक व चाकू बरामद कर लिया है।
वधावा राम कॉलोनी निवासी राजबीर ने बताया कि वह वधावाराम कॉलोनी निवासी अपने दोस्त मुकेश और मौसा हीरा लाल के साथ डाबर कॉलोनी निवासी पवन (32) के घर सोमवार को होली खेलने के लिए था। होली खेलने के बाद दोस्त पवन उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर घर छोड़ने जा रहा था। जब वह दोपहर 3.18 पर देशराज कॉलोनी स्थित गोरी फैक्टरी के पास पहुंचे तो सामने से बाइक पर सवार दो युवकों से उनकी टक्कर हो गई। बाइक चालक ने उन्हें गाली दी, जिसका विरोध पवन ने किया तो बाइक चालक ने इसी रंजिश में उसके पेट और सीने में चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने गए मुकेश पर भी आरोपी ने बाजू और पैर पर हमला कर दिया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई तो दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
राजबीर ने बताया कि आरोपी पवन और मुकेश पर हमला कर रहे थे और आस पास के लोग तमाशबीन बने खड़े रहे। चाकू लगने के बाद पवन की आंत बाहर निकल गई थी, जिस कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उसने पड़ोसियों से मदद मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। पवन राहगीर से साइकिल लेकर घर गया और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने पवन को मृत घोषित कर दिया और मुकेश को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स और थाना प्रभारी महिपाल सिंह ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आठ घंटे ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा और गांव करनालगंज निवासी सिद्दार्थ उर्फ सिद्धू पुत्र कप्तान सिंह और भौंला चौक स्थित विजय नगर निवासी अजय उर्फ बीटू के रूप में हुई है। आरोपी सिद्दार्थ खजूर नगर में रहता है। दोनों आरोपियों को विजय नगर स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से वारदात में प्रयोग चाकू और बाइक को बरामद कर लिया है।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि नशे की धुन सवार होने की वजह से उन्हें पता था कि वह क्या कर रहे है। बाइक की टक्कर लगते ही उन्होंने गाली गलौच करनी शुरू कर दी थी। सामने से पवन ने भी गाली दी तो गुस्सा आ गया। जिसके बाद सिद्दार्थ ने पवन को सीने और पेट में चाकू मारा। बचाने आए मुकेश को बाजू और झांग में वार किया।
आरोपी सिद्दार्थ ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने गत छह माह पहले फ्लीपकार्ट से चाकू मंगाया था। उसे जान का खतरा रहता था। उसकी कई बार बहस होती रहती थी। जिस वजह से खुद की सुरक्षा के लिए उसने ऑनलाइन फ्लीपकार्ट पर आर्डर किया। कई साइट पर ऑनलाइन 10-12 चाकू देखे, लेकिन धारदार और बटन वाला चाकू उसे पसंद था, जो उसे फ्लीपकार्ट पर मिला।
तीन बच्चों का पिता और छह बहन भाइयों में सबसे बड़ा था पवन
डाबर कॉलोनी निवासी पवन के छोटे भाई अनिल ने बताया कि वह छह बहन भाई है। जिनमें पांच भाई वह, पवन, विक्रम, नेमचंद और शिवम है और एक बहन लता है। पवन सबसे बड़ा था। पवन शादीशुदा था, पत्नी मीना और तीन बच्चे दीपांशी (10), बेटा अंशू (6) और सबसे छोटा बेटा देबू (10 माह) है। पवन नूरवाला स्थित केसी फेब में सेटलेक्स की मशीन चलाता था।