Pump owner attacked for stopping matchbox burn on petrol pump
- फोटो : Panipat
असंध रोड स्थित सेतिया पेट्रोल पंप के मालिक आसन कलां के पूर्व सरपंच और तीन युवकों के साथ झगड़ा हो गया। मालिक ने बताया कि होली की शाम सात बजे आरोपी पेट्रोल पंप पर पंक्चर लगवाने के लिए गए थे। एक आरोपी ने माचिस की तीली से आग लगाने का प्रयास किया। मालिक ने रोका तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। यहां तक की आरोपियों ने उसके दो बेटों और पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ भी मारपीट की। आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो तीनों आरोपियों को पुलिस अपने साथ ले गई।
आसन कलां निवासी पूर्व सरपंच चरणदास सेतिया ने बताया कि उनका असंध रोड पर सेतिया पेट्रोल पंप है। जिसको बेटा अनिल और सुनील संभालते है। बेटे अनिल सेतिया ने बताया कि वह होली की शाम सात बजे अपने दफ्तर में था। इसी बीच पंक्चर लगवाने के लिए एक आई-20 गाड़ी में सवार तीन युवक आए। एक युवक बार बार माचिस जला रहा था। वह अपने पिता चरणदास के साथ उन्हें समझाने के लिए गया तो आरोपी क्रोधित हो गए। उन्होंने हमला कर दिया। झगड़े का शोर सुनकर उसका भाई एडवोकेट सुनील और पेट्रोल पंप पर काम कर रहे वजीर सिंह और समीम भी आ गए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिस कारण उनके सिर में चोट लगी है। आरोपियों का गुस्सा यहां भी शांत नहीं हुआ तो उन्होंने फोन कर 10-15 युवक और बुला लिए। जो कुछ देर बाद ही अन्य आरोपी इनोवा में सवार होकर आए। जिन्होंने पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ की। आरोपियों की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
अनिल सेतिया ने बताया कि आरोपी करीब आधे घंटे तक पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ करते रहे। कभी फायर सेफ्टी सिलेंडर तो कभी डस्टबिन को उठाकर पेट्रोल की मशीन पर फेंका और तोड़ने का प्रयास किया। इसके अलावा आरोपी इतने बेखौफ थे कि उनके चेहरे पर पुलिस का कोई डर नहीं था। आरोपियों ने पेट्रोल पंप के कर्मियों के साथ लूटपाट का प्रयास किया।
आरोपी युवकों को झगड़ा करने के लिए परिवार की महिलाओं ने भी हाथ जोड़े और जाने के लिए कहा। इसी बीच एक युवक ने अपनी टी शर्ट निकाली और कहा कि छह साल जेल में काट दिए, छह साल और भीतर रह आऊंगा पर छोडूंगा नहीं।
आरोपियों ने तोड़फोड़ रोकने का नाम नहीं लिया तो उन्होंने 100 नंबर पर कॉल की, लेकिन 10 मिनट तक पुलिस नहीं पहुंची। जिसके बाद उसने अपने पड़ोसी को थाने भेजा। जो पुलिस को साथ लेकर आया। मालिक अनिल सेतिया का कहना है कि पुलिस आरोपियों को अपने साथ ले गई।
पेट्रोल पंप मालिक चरणदास ने बताया कि आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पहले ही पेट्रोल पंप पर पोस्टर लगवा रखे है, जिसमें लिखा है कि पेट्रोल पंप पर धूम्रपान करना मना है। वहीं आग जैसे यंत्र का प्रयोग पेट्रोल पंप पर न करे। अगर कोई ऐसा करता है तो वह गाइडलान अवहेलना होती है।