पानीपत। प्रशासन ने अवैध निर्माण पर शिकंजा कस दिया है। जिले में अवैध रूप से बनाए पुराने भवनों को तलाश कर सील किया जाएगा। इसके साथ अवैध कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन नहीं दिया जाएगा।
ये आदेश उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने वीरवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिए। उपायुक्त ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान को निर्देश दिए कि वे अवैध रूप से काटे जानी वाली कॉलोनियों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध न करवाएं। अगर ऐसा होता है तो यह न्यायालय की अवमानना मानी जाएगी। अवैध निर्माण को सील किया जाएगा। जिला नगर योजनाकार अधिकारी को अवैध निर्माण रोकने में पूरी चौकसी बरतने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों पर पुलिस पूरी निगरानी बरत रही है। इस मौके पर एसडीएम ब्रह्मप्रकाश, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना आशीष वशिष्ट, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, डीटीपी सुनील आंतिल मौजूद रहे। संवाद