पानीपत की बाहरी कॉलोनियों के विकास के मुद्दे पर सीएम से मिलकर लौटे सातों पार्षदों के तेवर कड़े हो गए हैं। उन्होंने चेताया है कि यदि सीएम के एक माह में विकास कार्य शुरू होने के आश्वासन पर काम नहीं हुआ तो उनके तेवर तल्ख हो सकते हैं।
बाहरी क्षेत्र के हिस्से की ड्रेन नंबर एक को पक्का करने की हरी झंडी मिलने पर बाकी पार्षदों ने भी विकास के लिए आवाज बुलंद की है। बाहरी कॉलोनियों के सात पार्षदों ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलकर विकास कराने की मांग की है।
वे सब बाहरी कॉलोनियों के विकास में प्रशासन और स्थानीय जन प्रतिनिधियों की अनदेखी से नाराज थे। सीएम ने उनको कालोनियों के पक्ष में एक माह में उचित फैसला लेकर विकास कराने का भरोसा दिलाया है।
बाहरी कॉलोनी के सातों पार्षद वीरवार को विकास की मांग लेकर चंडीगढ़ सीएम हाउस पहुंचे। इनमें सीनियर डिप्टी मेयर काजल बठला के प्रतिनिधि बनकर उनके पति सुभाष बठला शामिल रहे। वहां पर पार्षदों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिलकर कॉलोनियों की समस्याओं से अवगत कराया और समाधन की मांग की।
इस दौरान पार्षदों ने ओएसडी एमएस चोपड़ा, सीनियर ओएसडी शादी लाल, प्रधान सचिव केके खंडेलवाल से भी मुलाकात की। सीएम ने उनको समस्याओं का जल्द ही समाधान कराने का भरोसा दिया।
पहले भी कर चुके हैं मुलाकात
नगर निगम की बाहरी कालोनियों के सातों पार्षद विकास की मांग को लेकर कई बार सीएम और सांसद दीपेंद्र हुड्डा से मिल चुके हैं। विगत माह वे दिल्ली में अपनी बात रखकर आए थे।
उन्होंने कालोनियों में विकास शुरू न होने पर आठ दिन में अपना समर्थन वापस लेने की चेतावनी दी थी। जिसके जन प्रतिनिधियों की धड़कन बढ़ गई थी और मेयर समेत अन्य लोगों ने इनको विकास का भरोसा दिलाया था।
लगातार मांग उठाने पर चिंता बढ़ी
विपक्ष के कई पार्षद विकास में अनदेखी बरतने का आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस समर्थित पार्षदों द्वारा आवाज उठाने के बाद प्रशासन और जन प्रतिनिधियों की चिंता बढ़ गई है। डिप्टी मेयर विकास न होने पर एक जनवरी से डीसी ऑफिस पर धरना देने की चेतावनी दे चुकी है।
चारों ओर समस्याओं का अंबार
बाहरी कॉलोनियों में समस्याओं का अंबार है। यहां पर न तो सड़क है और न ही गली। गंदे पानी की निकासी के नाम पर धोखा हो रहा है। लोग साफ पानी पीने तक को तरस रहे हैं। कॉलोनीवासी पार्षदों के पास जाते हैं और पार्षद अधिकारियों के पास पहुंच जाते हैं। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचते ही मामला अवैध के नाम पर आकर अटक जाता है।
ये रही पार्षदों की बड़ी मांग
1. खस्ताहाल और कच्ची सड़कों को पक्का कराया जाए।
2. घर-घर में पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
3. बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
4. सीवरेज लाइन बिछाई जाए।
5. गलियों, सड़कों और चौक चौराहों पर लाइट लगाई जाए।
6. कॉलोनियों में रजिस्ट्री शुरू की जाए।
7. स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केंद्र खोले जाएं।
8. शिक्षा के लिए सरकारी स्कूल खोले जाएं।
ये पार्षद सीएम से मिले
सीएम से मिलने वालों में वार्ड नंबर एक से सीनियर डिप्टी मेयर काजल बठला के पति सुभाष बठला, वार्ड-दो से कमलेश मंजोका के ससुर मदन मंजोका, वार्ड 13 पार्षद सुधा अग्रवाल से पति राम रत्न अग्रवाल, पांच से जय कुमार, छह से पार्षद संजिता के पति काला बुग्गी वाला, सात से सुरेश वर्मा और 23 से शीला के पति डॉ. राजबीर शामिल रहे।