- अंग्रेजी के प्रश्नों ने उलझाया, सामान्य ज्ञान रहा आसान, आज दोनों सत्रों में 9924 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) के पहले दिन बुधवार को लेवल-3 पीजीटी की परीक्षा शांतिपूर्ण रही। जिले में 4114 में से 3512 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 602 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा में उपस्थिति 85.37 प्रतिशत रही। अभ्यर्थियों ने अंग्रेजी के प्रश्नों को उलझाने वाला और सामान्य ज्ञान को आसान बताया। परीक्षा के चलते दोपहर व शाम के समय जाम की स्थिति रही। वहीं कुछ अभ्यर्थी केंद्रों पर दौड़कर पहुंचे।
जिले में बुधवार को सायंकालीन सत्र में तीन बजे परीक्षा शुरू हुई। इसके लिए दोपहर एक बजे ही अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू करा दिया। परीक्षा केंद्रों के बाहर लंबी लाइन लग गई। ऐसे में उनको अंदर पहुंचने में काफी समय लगा। महिला अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में दौड़ लगानी पड़ी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर व वीडियोग्राफी से निगरानी की रही। पहले दिन की परीक्षा में सब डिविजनल मजिस्ट्रेट फ्लाइंग स्क्वायड ने छह परीक्षा केंद्रों का दौरा किया जबकि डीईओ फ्लाइंग स्क्वायड ने चार परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। कंट्रोल रूम की रिपोर्ट के अनुसार जिला प्रश्न पेपर फ्लाइंग स्क्वायड ने चार परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। वही आरएफ बोर्ड फ्लाइंग स्क्वॉड ने छह परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि वीरवार लेवल-2 टीजीटी की परीक्षा 23 केंद्रों पर ली जाएगी। यह परीक्षा सुबह के सत्र में 10 से 12:30 तक होगी। इसमें 7082 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं सायं लेवल-एक में 2842 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
दो समय जाम में फंसे लोग
बुधवार को एचटीईटी की परीक्षा के लिए अभ्यर्थी 11 बजे ही पहुंचने लगे थे। दोपहर एक बजे जीटी रोड स्थित परीक्षा केंद्रों के बाहर जाम की स्थिति पैदा हो गई। जीटी रोड पर आर्य कॉलेज से लालबत्ती चौक तक जाम रहा। इसी तरह एसडी और आईबी कॉलेज के बाहर गाड़ी खड़ी होने के चलते जाम की स्थिति बनी रही। महिला अभ्यर्थियों के अंदर जाने पर बच्चों को उनके परिजनों ने संभाला।
रवीना ने बताया कि पेपर अच्छा रहा और सभी प्रश्न सिलेबस में से आए हैं। पेपर काफी आसान लगा। इस बार उनकाे पेपर पास होने की उम्मीद है।
कविता ने बताया कि लेवल-3 पीजीटी का पेपर सही रहा। कई प्रश्न सीधे की बजाय घूमा कर पूछे गए थे। ऐसे में कई अभ्यर्थियों को परेशानी रही होगी। उनका पेपर अच्छा रहा है।
उमेश सिंह ने बताया कि वह बिहार से पेपर देने आया है। उनका पेपर काफी अच्छा रहा है। अंग्रेजी के प्रश्न कठिन लगे हैं। बाकी सामान्य ज्ञान के प्रश्न सही रहे हैं।
अंकित आर्य ने बताया कि पेपर सही हुआ है। इस बार पास होने की उम्मीद है। इसके साथ अंक भी अच्छे रहेंगे। सामान्य ज्ञान के प्रश्न सही रहे। अंग्रेजी के प्रश्न कुछ उलझाने वाले थे।
एचटीईटी की परीक्षा के लिए आर्य बाल भारती स्कूल के बाहर रोल नंबर देखते अभ्यर्थी। संवाद
एचटीईटी की परीक्षा के लिए आर्य बाल भारती स्कूल के बाहर रोल नंबर देखते अभ्यर्थी। संवाद
एचटीईटी की परीक्षा के लिए आर्य बाल भारती स्कूल के बाहर रोल नंबर देखते अभ्यर्थी। संवाद
एचटीईटी की परीक्षा के लिए आर्य बाल भारती स्कूल के बाहर रोल नंबर देखते अभ्यर्थी। संवाद