पानीपत। शिमला मौलाना स्थित लक्ष्मी क्रिकेट अकादमी में चल रही दूसरी नॉर्थ जोन पुलिस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को हरियाणा पुलिस और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा पुलिस को 12 रन से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा पुलिस की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचने के बावजूद 19.4 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई।
हिमाचल प्रदेश की जीत में ऑलराउंडर खिलाड़ी उमेश सन्नी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट झटके, वहीं बल्लेबाजी में 29 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली, उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय नॉर्थ जोन पुलिस टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 12 फरवरी तक चलेगी। टूर्नामेंट में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के साथ बीएसएफ और आरपीएफ की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 23 मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस कर्मियों में खेल भावना, फिटनेस और आपसी सौहार्द को बढ़ावा मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।