पानीपत। अतिक्रमण पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बाजारों के प्रधानों को समन भेजने का मामला लगातार बढ़ रहा है। संयुक्त व्यापार मंडल और संयुक्त व्यापार मंडल समिति जहां मामले के लिए आगे की रणनीति बना रहे हैं। वहीं जनहित याचिका दायर करने वाले एडवोकेट राकेश मान के घर की बिजली और पानी का कनेक्शन काटने की एक वीडियो वायरल हो रही है। जिसमें एडवोकेट राकेश मान ने रात के समय बिजली काटने के आरोप लगाए हैं।
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान दर्शनलाल वधवा ने बताया कि बाजार में अतिक्रमण पहले से कम हुआ है। रेहड़ी व फड़ी को बाहर निकाला जा चुका है। अब सड़क खाली नजर आ रही हैं। जनहित याचिका अपनी सोच के साथ लगाई होगी। वे समय आने पर कानूनी तौर पर जवाब देंगे। नगर निगम ने दिवाली के नजदीक अतिक्रमण हटाया था। एसोसिएशन ने उस समय भी समर्थन किया था और निगम अधिकारियों के साथ चले थे। एसोसिएशन ने आगे आकर बाजार को दिवाली के दिनों में वन वे या फिर वाहनों का प्रवेश निषेध कराया था। लोगों ने इसकी सराहना की थी।
संयुक्त व्यापार मंडल समिति के प्रधान कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि जनहित याचिका का उचित जवाब दिया जाएगा। वे इसकी तैयारी कर रहे हैं। इसमें हर बिंदू पर विस्तार के साथ चर्चा की जाएगी। उनको जरूरत महसूस हुई तो इस मामले में हाईकोर्ट भी जाएंगे।
एडवोकेट राकेश मान ने बताया कि उनका गोहाना रोड शुगर मिल कॉलोनी में घर है। बुधवार रात को कुछ लोगों ने उनके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। वहीं पानी का कनेक्शन भी काटा गया है। वह इस तरह की कार्रवाई से किसी के दबाव में आने वाले नहीं हैं। लोगों के हक की आवाज उठाते रहेंगे।