पानीपत-खटीमा हाईवे पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन। संवाद
- फोटो : एचएलबी कोच।
पानीपत। कोहरे के मौसम में हाईवे पर खड़े होने वाले भारी वाहनों से अक्सर हादसों का खतरा रहता है। कई बार इस तरह के हादसे हो चुके हैं। जिस कारण पुलिस ने भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए अभियान शुरू किया था। साथ ही हाईवे पर जहां-जहां खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बावजूद भी जिले में जगह-जगह हाईवे पर भारी वाहन खड़े हैं। इनमें से ज्यादातर वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगा होना तो दूर बैक लाइट तक दुरुस्त नहीं हैं। यही लापरवाही हादसों का कारण बनती हैं।
वीरवार को अमर उजाला टीम ने हाईवे पर भारी वाहनों की पड़ताल की। नेशनल हाईवे-44 जीटी रोड पर टोल प्लाजा के पास रात को भारी वाहन रोड पर ही खड़े रहते हैं। इसके साथ ही सिवाह और नागलखेड़ी के आस-पास सर्विस लेन पर भी भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। यही हाल समालखा का है। पानीपत खटीमा हाईवे पर सनौली खुर्द के आस-पास ढाबों के सामने भी भारी वाहन सड़कों पर ही खड़े होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। यही हाल रोहतक हाईवे का है। पुलिस ने सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। एक सप्ताह तक चलाए गए अभियान में 275 वाहनों के चालान भी किए गए थे। इसके साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने के लिए भी वाहन चालकों को जागरूक किया था। इसके बावजूद भी हाईवे पर बरती जाने वाली लापरवाही हादसों का बड़ा कारण बनती हैं।
बॉक्स
जिले में चलाया जा रहा अभियान
भारी वाहन ज्यादातर रात में ही चलते हैं। जिस कारण भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने और चालकों को जागरूक करने के लिए यातायात पुलिस द्वारा अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अब तक 750 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगा चुकी है।
केस-1 थाना सेक्टर-13-17 में जीटी रोड पर 30 अगस्त की रात को सागर ढाबा के नजदीक हाईवे पर खड़े ट्रक में कैंटर अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रक में घुस गया। हादसे में कैंटर चालक झारखंड निवासी बदरुल अंसारी (47) की मौत हो गई थी।
केस-2
अप्रैल माह में सनौली थाना क्षेत्र में हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से ईको सवार ने टक्कर मार दी थी। हादसे के समय रात को अंधेरा होने के कारण ट्रक दिखाई नहीं दिया था। हादसे में इको के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हाईवे पर गलत तरीके से भारी वाहनों को खड़ा करने और रिफ्लेक्टर न लगाने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को जागरूक भी किया जा रहा है। कोहरे के मौसम से पहले अभियान को और अधिक तेज किया जाएगा।
-सुरेश सैनी, डीएसपी यातायात।