पानीपत। सांस रोक देने वाले चैंपियन ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैड को हरा दिया। फाइनल मैच में भारत की जीत पर पूरा शहर झूम उठा। दिन भर क्रिकेट प्रशंसक टीवी व मोबाइल पर मैच देखते रहे। हर जगह युवाओं के हाथ में मोबाइल दिखा। नगर निगम चुनाव में मतदान करने से पहले भी प्रशंसक मैच देखते रहे। न्यूजीलैंड के हर विकेट व भारत के हर रन पर तालियां बजी। 252 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की टीम ने जबरदस्त शुरुआत की।
105 रन पर शुभनम गिल के रूप में भारत को पहला झटका लगा तो प्रशंसकों के माथे पर चिंता की लकीरें देखी गई। विराट कोहली के विकेट ने तो जीत की उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया था। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा के विकेट के साथ प्रशंसकों ने कुछ देर तक मोबाइल व टीवी भी बंद कर दिए। कुछ देर बाद जब श्रेयष व अक्षर पटेल की साझेदारी हुई तो प्रशंसकों को फिर खुश होने का मौका मिला। जैसे ही केएल राहुल व हार्दिक ने टीम को जीत दिलाई प्रशंसक झूम पड़े। फाइनल के कारण बाजारों व सड़कों पर भीड़ भी काफी कम रही। भारत की जीत पर कई जगहों पर जश्न भी हुए।