सीसीटीवी कैमरे में भागता दिखता चोर। सोशल मीडिया
समालखा। संगम कॉलोनी के गेट पर शुक्रवार सायं करीब छह बजे एक महिला की सोने की चेन झपट ली। उनकी बहन की चेन चुनरी के नीचे होने के चलते बच गई। झपटमार कार में बैठकर भाग गया। महिला अपनी पड़ोसी महिलाओं के साथ भापरा गांव से दूध ला रही थी।
समालखा थाना पुलिस ने इसमें प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संगम कॉलोनी की पूजा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन मंजू और एक पड़ोसन के साथ रोजाना की तरह शुक्रवार को शाम 5:25 बजे भापरा गांव दूध लेने गई थी। वहां से करीब छह बजे लौटते हुए कॉलोनी गेट के कुछ ही दूरी पर थी। उनके पीछे एक युवक पैदल चल रहा था। उसने उनके गले से लगभग 14 ग्राम की सोने की चेन छीन ली और भागने लगा। चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन युवक पहले से खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर भाग गया। कार के नंबर प्लेट पर टेप चिपका रखा था। मंजू भी लगभग 20 ग्राम की चेन पहने थी लेकिन झपटमार ने केवल पूजा को निशाना बनाया। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग इकट्ठा हो गए। 112 पर कॉल करने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दीपक कुमार, चौकी इंचार्ज वीरेंद्र, सीआईए वन व एएनसी टीम ने मौका मुआयना किया, पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी की मदद से झपटमार को पकड़ने का प्रयास कर रही है।