हरियाणा के पानीपत में सिंगला ग्रुप पर रेड खत्म होने के बाद आयकर विभाग की टीमें हैंड फेब लिविंग एक्सपोर्ट हाउस के मालिक संजय जैन और संदीप जैन के माॅडल टाउन स्थित बंगले में दबिश देकर जांच कर रही हैं। इससे पहले सोमवार को आयकर विभाग की आठ टीमें आठ गाड़ियों में मॉडल टाउन पहुंची।
टीमों का नेतृत्व फरीदाबाद के चंडीगढ़ आयकर विभाग के संयुक्त आयुक्त, फरीदाबाद के सयुंक्त आयुक्त और पानीपत आयकर विभाग के आयुक्त कर रहे हैं। टीमों ने बंगले में जांच पड़ताल के दौरान बंगले के भीतर किसी की आवाजाही प्रतिबंधित की है।
जांच के दौरान संजय जैन समेत परिवार के चार लोगों के मोबाइल भी कब्जे में ले लिए गए हैं। वहीं संजय जैन के लैपटॉप को खंगाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि संदीप जैन के दिल्ली स्थित आवास पर भी आयकर विभाग की टीमें पहुंची हैं।
आयकर विभाग ने 17 दिन में पानीपत के चौथे बड़े औद्योगिक घराने पर दबिश दी है। इस बार आयकर विभाग की रडार पर निर्यातक संदीप व संजय जैन हैं। दोनों भाइयों का महावीर कॉलोनी में एक्सपोर्ट हाउस था, जिसे फिलहाल बंद कर दिया गया है। संदीप जैन ने तीन साल पहले ही सरिये का काम शुरू किया है।
इनकी सेक्टर 29 पार्ट टू में हैंड फेब लिविंग एक्सपोर्ट हाउस के नाम से फैक्टरी है। आरोप है कि कंपनी कई देशों में टेक्सटाइल के उत्पादों का निर्यात करती है, लेकिन ट्रैक्स चोरी किया जा रहा है। कंपनी आय के हिसाब से ट्रैक्स जमा नहीं करा रही है। आयकर विभाग ने दबिश देने से पहले इसके सबूत भी जुटाए हैं।
हैंड फेब लिविंग एक्सपोर्ट हाउस की सहयोगी फर्मों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। पिछले 24 घंटे से आयकर विभाग के चार बड़े अधिकारी व 15 कर्मचारी जैन बंधुओं की कुंडली खंगाल रहे है। इस दौरान बंगले के मुख्य गेट पर हरियाणा पुलिस का पहरा है।
आयकर विभाग गहनता से घर के हर कमरे को खंगाल रहा है। दीवारों की भी जांच की जा रही है। कंपनी के ट्रेडिंग के बिलों की जांच भी हो रही है। न तो किसी को घर में आने की अनुमति दी जा रही है और ही किसी को मकान से बाहर जाने की अनुमति है। मकान के चौकीदार के मोबाइल भी आयकर विभाग ने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है संदीप जैन से दिल्ली स्थित आवास पर पूछताछ की जा रही है।
कोठी नंबर 21 और 22 दोनों में चल रही जांच
मॉडल टाउन में सिंगला नर्सिंग होम के पास कोठी नंबर 21 व 22 में आयकर विभाग की रेड चल रही है। कोठी नंबर 21 में संदीप जैन का परिवार रहता है, जबकि कोठी नंबर 22 में संजय जैन का परिवार रहता है। संदीप दिल्ली में अधिक समय व्यतीत करता है। संदीप जैन की कोठी पर चंडीगढ़ और संजय जैन की कोठी पर फरीदाबाद व पानीपत आयकर विभाग की टीमें जांच पड़ताल कर रही हैं।
बंगले में खड़ी लक्जरी गाड़ियों की भी जांच
जैन बंधुओं के पास करोड़ों रुपये की 10 से अधिक लग्जरी कार बंगले में खड़ी है। इन कारों की भी जांच की जा रही है। पड़ोसियों का कहना है कि जैन बंधु किसी भी पड़ोसी से खास संपर्क नहीं रखते। इनकी किसी से ज्यादा बोलचाल भी नहीं है। टीमों ने कुछ गाड़ियों को सड़क पर खड़ा कराया है। इन गाड़ियों को देखकर पड़ोसी भी हैरान हैं।