पानीपत। रोडवेज का हैप्पी कार्ड के लिए जोश कुछ कम हो गया है। ऐसे में लोगों तक कार्ड नहीं पहुंच पा रहे हैं और न ही उनके कार्ड अब समय पर बन पा रहे हैं। ऐसे में हैप्पी कार्ड न होने से लोगों को नाखुश होकर रोडवेज बसों में सफर करना पड़ रहा है।
हैप्पी कार्ड योजना सात मार्च 2024 को शुरू की थी। अब इसको एक साल पूरा हो जाएगा। रोडवेज में 1.80 आय तक के लोगों को एक हजार किलोमीटर का रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की योजना दी है। इसके लिए हैप्पी कार्ड बनाए जाने हैं। जिले में करीब 78 हजार हैप्पी कार्ड बने हैं। इसके लिए दो मशीन लगाई गई हैं। साढ़े तीन हजार हैप्पी कार्ड अभी तक यात्रियों को वितरित नहीं किए हैं।
रमेश, राज सिंह और प्रदीप ने बताया कि सरकार की हैप्पी कार्ड योजना सही है लेकिन धरातल पर सही काम नहीं हो रहा है। वह पिछले काफी दिनों से हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए बस स्टैंड के चक्कर लगा रहे हैं। मई 2024 के बाद अब तक हैप्पी कार्ड नहीं बने हैं। जिससे उनको परेशानी हो रही है। हैप्पी कार्ड के लिए कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों तक को अपनी समस्या रखे चुके हैं। इन सबके बीच कोई समाधान नहीं होने से उनके हाथ सिर्फ निराशा लगी है।