समालखा। करहंस गांव के जिम संचालक शमशेर से 85 हजार रुपये ठगी कर ली। आरोपी ने उनको ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले मौसेरे भाई सतीश के नाम की सोशल मीडिया पर रिक्वेस्ट भेजकर पैसों की मांग की थी। ठग ने उनको पहले छह लाख रुपये उनके खाते में भेजने का स्क्रीनशॉट भेजा था। समालखा थाना की पुलिस ने शिकायत आधार पर ठगी कीर धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शमशेर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी समालखा में जिम है। उनके मौसेरे भाई सतीश पांच साल से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। उनके पास 22 जुलाई को उनके नाम की फेसबुक आईडी से मैसेज आया था। जिसके बाद उनकी बातचीत शुरु हो गई। एक दिन चैटिंग के दौरान उन्होंने बताया कि वह उसके खाते में छह लाख रुपये डाल रहा है। वह इन पैसों को बाद में ले लेगा। उसने छह लाख रुपये की पेमेंट का स्क्रीनशाॅट भेज दिया और कहा कि पैसे ट्रांसफर होने में दो दिन लगेंगे। कुछ देर बाद ही 85 हजार रुपये की जरूरत का मैसेज करते हुए कहा कि यह रकम छह लाख रुपये में से काट लेना। उन्होंने 1930 पर काल कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। संवाद