पानीपत। सेक्टर-12 स्थित नवांकोट गुरुद्वारा साहिब में शनिवार को छठे पातशाह गुरु हरगोबिंद साहब का प्रकाश पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष नाम सिमरन और शबद कीर्तन समागम आयोजित किया गया, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत ने हाजिरी लगाकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम छह बजे बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के जयघोष से हुई। इसके बाद भाई बलविंदर सिंह के रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर गुरु हरगोबिंद साहब के जीवन, वीरता और मीरी-पीरी के सिद्धांत पर प्रकाश डाला।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान फतेह सिंह ने प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि गुरु साहिब का जीवन मानवता की सेवा और अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।