Gujarat police arrested Maulana who made controversial video on Somnath temple
- फोटो : Panipat
गुजरात स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिँग महादेव मंदिर से कुछ दूर समुद्र तट पर विवादित वीडियो बनाने वाले मौलाना इरशाद राशिद को बुधवार की सुबह चार बजे गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी किला थाना पुलिस को दी और सुबह पांच बजे उन्हें थाना किला लेकर गए। जहां से मौलाना को लेकर गिरी सोमनाथ के लिए रवाना हो गए। मई 2019 में बनाया गया वीडियो वायरल होने पर गुजरात के जिले गिरी सोमनाथ के थाने प्रभास पाटन में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
कुटानी रोड स्थित न्यू दलबीर नगर निवासी मौलाना आस मोहम्मद ने बताया कि मौलाना इरशाद राशिद पिछले 15 साल से पानीपत न्यू दलबीर नगर में रहता था। वह जामिअर्तुरशीद मदरसे में बच्चों को पढ़ाते हैं। वह गत चार मई 2019 को गुजरात में घुमने के लिए गए थे। उन्होंने गुजरात के समुद्र तट पर खड़े होकर एक विवादित बयान देते हुए एक वीडियो बनाकर अपने यूट्यूब चैनल पर डाली थी। दो साल में कुल 13 लोगों ने वीडियो देखी थी, लेकिन 2021 में वीडियो वायरल हो गई और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। उनकी तलाश कर गुजरात पुलिस ने कॉल किया, जिसके बाद मौलाना ने अपने यूट्यूब चैनल पर दूसरी वीडियो भी बनाकर पोस्ट की, जिसमें माफी मांगी। रविवार को गुजरात पुलिस का इरशाद के पास कॉल आया और नाम-पता पूछा। सोमवार को दोबारा पुलिस ने फोन किया और पूरा पता मांगा। बुधवार सुबह गुजरात से पांच पुलिसकर्मियों की टीम घर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर ले गई।
मौलाना इरशाद की पत्नी मौसीन ने बताया कि उनके दो बच्चे है, बड़ी बेटी चार वर्षीय फातिमा है और छह दिन पहले उनका बेटा पैदा हुआ था। अभी तक नाम भी नहीं रखा है प्यार से अभी तक बच्चे को सभी हसन कहकर पुकारते थे। पत्नी ने कहा कि पति माफी मांग चुके हैं। वह हर 26 जनवरी और 15 अगस्त पर तिरंगा झंडा फहराते है। उनका वीडियो बनाने का मकसद समुदाय विशेष को भड़काना नहीं था।