ग्रीनमैन प्रो. दलजीत कुमार को सुंदर लाल बहुगुणा समर्पण समाज गौरव 2024 अवॉर्ड से सम्मानित करते स
पानीपत। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय के इतिहास विभाग में सहायक प्रोफेसर ग्रीनमैन दलजीत कुमार को गुलाबी नगरी जयपुर के केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में समर्पण संस्थान जयपुर की ओर से पर्यावरण के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य करने पर राष्ट्रीय सुंदर लाल बहुगुणा समर्पण समाज गौरव 2024 अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। ग्रीनमैन प्रो. दलजीत कुमार अभी तक स्वयं तीस हजार से अधिक पौधे रोपित कर चुके हैं।
इनकी पर्यावरण संरक्षण की मुहिमों से हजारों विद्यार्थी और समाज के गणमान्य लोग जुड़ चुके है। प्रो. दलजीत कुमार ने इस सम्मान को अपनी स्वर्गीय माता रोशनी देवी को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय अवॉर्ड महान पर्यावरणविद सुंदरलाल बहुगुणा के नाम पर मिलना उसके लिए गर्व की बात है।
ग्रीनमैन प्रो. दलजीत कुमार ग्रीनमैन पानीपत, ग्रीनमैन हरियाणा और ग्रीनमैन हो भारत हमारा अभियान के अंतर्गत अपने वेतन का 15 प्रतिशत पर्यावरण संरक्षण के कामों पर खर्च करते हैं। इन्होंने अपने निजीकोष से अभी तक 17 हर्बल-गार्डन, हर्बल-बॉटनिकल गार्डन, ऑक्सीजन पार्क विकसित किए हैं। पिछले लगभग 10 साल से उनकी मुहिम धन्यवाद नहीं : एक पौधा लगाएं और एक पौधा अपने नाम पर : एक पौधा माता-पिता के नाम पर प्रत्येक वर्ष लगाए चल रही हैं। जिनसे जुड़कर हजारों लोग कई हजार पौधे लगा चुके हैं।
समर्पण संस्थान के अध्यक्ष आर्किटेक्ट डॉ. दौलतराम माल्या ने कहा कि देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में अतुलनीय काम करने वाले 54 प्रतिभागियों को समर्पण समाज गौरव 2024 अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।