पानीपत में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। चोरों ने एक कपड़े की दुकान, एक कंबल और एक चादर के गोदाम के शटर उखाड़कर साढ़े नौ लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। वहीं सेक्टर-12 स्थित एक मकान के सामने से ब्रेजा कार में आए चोर फॉर्च्यूनर कार चोरी कर फरार हो गए। जिसकी सीसीटीवी फुटेज में वारदात कैद हो गई। पांचवीं चोरी काबड़ी रोड स्थित एक शराब के ठेके पर हुई। चोर शटर उखाड़कर ठेके से 50 हजार नकदी चोरी कर लिए गए। अलग-अलग थानों में सभी मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
चोरी-1
पिकअप गाड़ी में आया चोर, छह लाख के सूट लेकर फरार
आर्य नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी अग्रवाल मार्केट में शिव शक्ति इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान है। वह कपड़ों का काम करते हैं। तीन जुलाई को दुकान पर ताला लगाकर अपने घर चला गया था। पांच जुलाई को दोपहर एक बजे दुकान पर पहुंचा तो दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ था। छह लाख रुपये का लेडीज सूट का कपड़ा चोरी मिला। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो तीन जुलाई की रात एक चोर दिखाई दे रहा है, जो पिकअप में सवार होकर आया था। आरोपी ने दुकान के बाहर पिकअप खड़ी की और दुकान के ताले तोड़कर 12:27 बजे अंदर घुसा और सूट चोरी कर 12:43 पर बाहर निकाला और फरार हो गया। किशनपुरा चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी है।
चोरी-2
ब्रेजा में आए चोर, बिल्डिंग कंस्ट्रक्टर की फॉर्च्यूनर कार चोरी कर हुए फरार
मॉडल टाउन निवासी नरेंद्र मलिक ने बताया कि वह बिल्डिंग कंस्ट्रक्टर हैं। सोमवार रात को उनके सेक्टर-12 निवासी दोस्त तरंज का बेटा उनके घर आया था। रात में देरी होने पर उन्होंने दोस्त के बेटे को अपनी कार दे दी। दोस्त का बेटा घर पहुंचा और उसने कार घर के बाहर पार्क कर दी। सुबह सूचना मिली कि कार चोरी हो गई। वह मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरे चेक किए। एक कैमरे में रात तीन बजे एक ब्रेजा कार आती दिखी। जिसके बाद सुबह 4:30 बजे ब्रेजा निकली तो साथ में उनकी फॉर्च्यूनर कार भी जाती दिखी। आशंका है कि चोर ब्रेजा गाड़ी में थे, जो उनकी गाड़ी को चोरी कर ले गए। चांदनीबाग थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी- 3
सेल्समैन रात छत पर सोया, ठेके का शटर उखाड़कर नकदी चोरी
मूलरूप से यूपी के जिला इटावा के पुलरई निवासी देव प्रकाश ने बताया कि वह काबड़ी रोड पर चांद ठेकेदार के शराब ठेके पर सेल्समैन का काम करता है। वह पांच जुलाई की रात ठेका बंद कर छत पर सो गया था। जब वह सुबह उठकर नीचे आया तो शटर टूटा हुआ था और अंदर से 50 हजार रुपये, अंग्रेजी शराब मार्का टीचर की दो बोतल और 100 पाइपर की दो बोतल चोरी मिली। उन्होंने पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी।
चोरी- 4
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम, चोरी के बाद शटर डाउन कर भागे आरोपी
एल्डिको निवासी यानिक पसरीचा ने बताया कि उसका बाबरपुर रोड पर शटरिंग स्टोर और कंबल का गोदाम है। दो जुलाई को उसने गोदाम बंद किया था। वह सुबह गोदाम पर पहुंचा और माल चेक किया तो कम मिला। जिसके बाद उसने गोदाम की जांच की तो पीछे वाले शटर का ताला टूटा हुआ था। हालांकि चोरों ने चोरी करने के बाद शटर को ठीक उसी प्रकार बंद किया, जैसा पहले था और उसके बाद ताले को उसी में लटका दिया। यानिक ने बताया कि स्टोर से 60 शटरिंग प्लेट और कंबल के गोदाम से सिलाई मशीन, कंबल की गांठ चोरी मिली। उसका करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
चोरी नंबर-5
वार्ड नौ निवासी रमन पाहवा ने बताया कि उसकी गणेश नगर में चादर बनाने की फैक्टरी है। वह रविवार देर रात फैक्टरी बंद कर अपने घर गया था। वह पांच जुलाई को सुबह फैक्टरी पहुंचा तो फैक्टरी का मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। जिसके बाद वह ऑफिस पहुंचा तो ऑफिस का भी ताला टूटा हुआ था। अंदर गोदाम से सामान चेक किया तो कपड़ों के 12 थान, 500 से 600 चादरें, 30-40 चादर सीट चोरी मिली। उसने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो उसमें थ्री व्हीलर में दो युवक आए और सामान चोरी कर ले जाते दिखे। उसका करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस की जिप्सी और राइडर रात में गश्त करते हैं, फिलहाल गश्त को और बढ़ा दिया गया है। पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। टीम आरोपी चोरों की धरपकड़ में जुटी हुई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय