संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के वीरवार को होने वाले जैवलिन थ्रो मुकाबले को लेकर खंडरा गांव में उत्साह का माहौल है। वीरवार को क्वालीफिकेशन मुकाबला दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। परिवार, पड़ोसी और खेल प्रेमियों को नीरज से स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है।
सभी चाहते हैं कि नीरज एक बार फिर अपने दमदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करें और भारत के लिए नई उपलब्धि हासिल करें। नीरज चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा ने बताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में नीरज का जैवलिन थ्रो क्वालीफिकेशन मुकाबला 30 जुलाई को दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा, जबकि फाइनल (मेडल राउंड)
31 जुलाई को रात 11 बजे आयोजित किया जाएगा।
भारतीय समयानुसार क्वालीफिकेशन राउंड दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा, जबकि फाइनल रात 11 बजे से अगली सुबह 2:30 बजे तक होगा। यह मुकाबला स्कॉटलैंड के ग्लास्गो स्थित स्कॉटस्टौन स्टेडियम में खेला जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूरा परिवार इस मुकाबले का इंतजार कर रहा है। नीरज ने हमेशा मेहनत और लगन के बल पर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह इस बार भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। पूरा परिवार उनकी सफलता के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहा है और उम्मीद है कि वह देश के लिए एक और पदक जीतकर लौटेंगे।
नीरज के चाचा सुरेंद्र चोपड़ा ने बताया कि जब भी नीरज किसी बड़े मुकाबले में हिस्सा लेते हैं तो पूरा गांव टीवी और मोबाइल पर उनका प्रदर्शन देखने के लिए उत्साहित रहता है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उनकी जीत की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि नीरज की उपलब्धियों ने क्षेत्र के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।
मुझे पूरा भरोसा है कि नीरज शानदार प्रदर्शन करेंगे। जिले के खिलाड़ियों को उनसे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। जिले के कई खिलाड़ी साधारण परिवारों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। -सत्यवीर पोसवाल, जिला खेल अधिकारी