नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीतना है, जिसका आयोजन जुलाई-2024 में होगा। इसे लेकर उन्होंने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। इस बीच अपने पैतृक गांव खंडरा पहुंचे नीरज चोपड़ा का कहना है कि इस बार उनका लक्ष्य 90 मीटर भाला फेंकना होगा, जिसके लिए उन्हें कठिन परिश्रम करना है। इससे पहले अब तक उनका बेस्ट थ्रो 89.94 मीटर है। उन्होंने यह थ्रो 30 जून 2022 में स्वीडन में आयोजित डायमंड लीग में किया था।
नीरज चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने 2011 में जेवलिन की प्रैक्टिस शुरू की थी। उस समय गांव में स्टेडियम न होने पर उन्हें पानीपत शिवाजी स्टेडियम जाना पड़ता था। गांव से पानीपत शहर तक यातायात के व्यापक प्रबंध भी नहीं थे। उनको कई बार बस या दूसरे वाहन न मिलने पर किसी से लिफ्ट लेकर भी अभ्यास के लिए आना-जाना पड़ता था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
जमीन का फंसा पेच, भूमि मिलते ही शुरू होगा काम
खंडरा गांव में नीरज चोपड़ा के नाम से खेल स्टेडियम बनाया जाना है। गांव में चयनित जमीन पर पिछले दिनों कुछ विवाद चल रहा था। ग्राम पंचायत से इसको लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। इस पर कुछ सुलह की उम्मीद जताई जा रही है। ग्राम पंचायत से जमीन मिलते ही स्टेडियम बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। -संतोष धीमान, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी।