पानीपत। दो बदमाश पहले तो एक बुजुर्ग महिला को घर पर माता-पिता न होने की कह भावनाओं में बहकाकर करीब पांच किलोमीटर दूर काला आंब रोड पर ले गए और फिर सोने की बाली और मोबाइल छीन लिया। महिला रेलवे स्टेशन पर फरुखाबाद जाने के लिए ट्रेन के टिकट के संबंध में जानकारी लेने आई थी।
महिला का आरोप हैं बदमाशों ने विरोध करने पर उससे मारपीट की। थाना चांदनी बाग की पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। हरिनगर निवासी 60 वर्षीय राजरानी ने चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। उसको अपनी बेटी के पास फरुखाबाद जाना था। इसलिए वह पानीपत रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम को ट्रेन और टिकट का पता करने आई थी।
इस दौरान एक युवक ने आकर उसे कहा कि उसके घर पर माता-पिता नहीं हैं। वह उसे घर चलने की कहने लगा। वह उसके साथ ऑटो से संजय चौक पर पहुंची। यहां से वह सनौली की तरफ जाने वाले ऑटो में बैठ गए। दोनों उग्राखेड़ी गांव के पास पहुंचे तो वहां एक अन्य युवक मिला। वह उनके साथ काला आंब की तरफ पैदल चल पड़ी। युवकों कुछ दूरी पर उससे उसका मोबाइल और कानों की दोनों बाली छीन ली। ब्यूरो